राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 27 May 2026): प्रचंड गर्मी से इन दिनों देश के अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान के शहरों का भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। सोमवार से शुरू हुए नौतपा में राजस्थान के तमाम शहर बुरी तरह से तप रहे हैं। प्रचंड गर्मी और सीवियर Heatwave ने यहां जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। कल यानी मंगलवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बीकानेर, फलोदी, जैसलमेर, कोटा और बाड़मेर सहित कई जिले लू की चपेट में रहे और यहां झुलसा देने वाली गर्म हवाओं से लोग दिनभर बेहाल रहे। मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार 27 मई के लिए पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कल यानी गुरुवार 28 मई से 30 मई के बीच कई इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को उत्तर-पश्चिम राजस्थान में गर्मी का सबसे अधिक असर देखने को मिला। श्रीगंगानगर में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि बीकानेर और फलोदी में 46 डिग्री, जैसलमेर में 45.6 डिग्री, कोटा में 45.4 डिग्री, बाड़मेर में 44.4 डिग्री, अलवर और चित्तौड़गढ़ में 44.2 डिग्री, पिलानी में 44.9 डिग्री तथा चूरू में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर दिया था।
भीषण गर्मी से हो रही स्वास्थ्य समस्याएं
नौतपा के दौरान लगातार बढ़ते के चलते लोगों को कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में थोड़ी सी भी लापरवाही डीहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, चक्कर, थकान और कमजोरी जैसी गंभीर परेशानियों का कारण बन सकती है। इसलिए लोगों को पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
रात के समय कोटा सबसे गर्म शहर
दिन की गर्मी के साथ-साथ रातें भी काफी गर्म हैं। जयपुर, कोटा, जोधपुर, नागौर, फलोदी, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, हनुमानगढ़, करौली और दौसा जैसे प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान ही 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। न्यूनतम तापमान के मामले में कोटा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां रात का तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर के मौसम का हाल
राजधानी जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुलाबी नगरी में बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। कोटा में दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
सीकर में हुई बारिश, सड़क पर वाटरलॉगिंग
हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच सीकर से राहत भरी खबर सामने आई। यहां शाम करीब चार बजे मौसम ने करवट ली और घने बादलों के साथ हल्की बारिश हुई। नवलगढ़ रोड पर कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और सड़क पर करीब एक फीट तक पानी जमा हो गया।
गर्मी से राहत देने को होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी गुरुवार 28 मई से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) राजस्थान के मौसम में बदलाव ला सकता है। इसके प्रभाव से 29 और 30 मई को राजस्थान के कई जिलों में तेज आंधी, बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम की इस चाल से लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
