राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 25 May 2026): देश के कई अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान में भी इन दिनों प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। अब आज यानी सोमवार 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जिसके चलते भीषण गर्मी का दौर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों के लिए हीटवेव और सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आने वाले चार दिनों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ऊपर पहुंचने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस हफ्ते राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। हालांकि, राहत की बात ये है कि 28 मई के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने जा रहा है। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से कुछ हद तक राहत मिलने के संकेत हैं।
राजस्थान में प्रचंड गर्मी का दौर जारी, नौतपा शुरू; राहत देने आ रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
तीन जिलों में ऑरेंज, 16 में येलो अलर्ट
भारत मौसम विभाग ने सोमवार को तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर क्षेत्रों में रविवार को सीवियर हीटवेव दर्ज की गई, जबकि बाड़मेर, जालोर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ भी लू की चपेट में रहे।
श्रीगंगानगर राजस्थान में सबसे गर्म शहर
रविवार 24 मई को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वनस्थली (टोंक) में 45.1 डिग्री, अलवर में 45 डिग्री, चूरू में 44.9 डिग्री, फलोदी, बीकानेर और कोटा में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं भी चलीं।
इस प्रचंड गर्मी में क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नौतपा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इन नौ दिनों में गर्मी और लू का प्रभाव शरीर के कई अंगों, खासतौर पर दिल और दिमाग पर पड़ सकता है। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्का भोजन करने की सलाह दी गई है। वहीं गर्मियों में नाक से खून आने यानी नोज ब्लीडिंग की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। जानकारों के अनुसार अधिक तापमान के कारण नाक की म्यूकस लेयर सूखने लगती है, जिससे रक्त वाहिकाएं फट सकती हैं।
जयपुर का तापमान
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 31.4 डिग्री रहा। अजमेर में तापमान 41.3 डिग्री, उदयपुर में 41 डिग्री और जोधपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में इन शहरों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
अलवर में पारा हो सकता है 46 पार
कोटा में गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम की गौशाला में गोवंशों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। अलवर में प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है, क्योंकि यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएगा, राहत लाएगा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 मई के बाद पश्चिमी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं। आंधी, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। जून के पहले हफ्ते तक यह गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और वातावरण में कुछ नमी बढ़ने लगेगी। इसके बाद मानसून पूर्व (प्री-मानसून) गतिविधियों का असर देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें - Hottest City: लगातार तीसरे दिन Heatwave का मारा रहा विदर्भ, 46 डिग्री पहुंचा पारा; आज भी IMD का रेड अलर्ट
आज यानी सोमवार 25 मई से शुरू हुआ नौतपा 2 जून तक रहेगा। मान्यता है कि इस दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, जिससे पृथ्वी पर उसकी किरणों का प्रभाव काफी ज्यादा बढ़ जाता है और इस दौरान गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि नौतपा के बाद धीरे-धीरे मौसम में बदलाव शुरू होगा और मानसून की तैयारी का दौर प्रारंभ हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
