शहर

राजस्थान का मौसम (21 April 2026) Rajasthan Weather Today: कई जिलों में आज भी हीटवेव की चेतावनी, प्रचंड गर्मी से वीरान हुए पर्यटन स्थल

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21 April 2026: राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी के चलते टूरिस्ट भी राजस्थान से दूरी बना रहे हैं।

Image

राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट

Rajasthan Weather Today राजस्थान में आज का मौसम (21 April 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कल यानी सोमवार 20 अप्रैल को राज्य के 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक गर्मी शिक्षा नगरी कोटा के लोगों ने झेली। बाड़मेर और जैसलमेर जैसे पश्चिमी राजस्थान के गर्म माने जाने वाले रेगिस्तानी शहरों से भी ज्यादा तापमान कोटा में रिकॉर्ड हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। सोमवार को कोटा में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

जयपुर सहित कई जिलों में Heatwave

राजधानी जयपुर और फलोदी में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को रात में भी प्रचंड गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आगामी कुछ दिनों तक राज्य में मौसम साफ रहने और हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

तेज गर्मी से पर्यटन स्थल पड़े वीरान

राज्य में इन दिनों पड़ रही तेज गर्मी का असर यहां के पर्यटन उद्योग पर भी साफ दिखाई दे रहा है। उदयपुर और अजमेर जैसे प्रमुख पर्यटन वाले शहरों में पर्यटकों की संख्या में प्रचंड गर्मी के चलते भारी गिरावट देखने को मिल रही है। लोग दिन के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे बाजार और पर्यटन स्थल वीरान पड़े हुए नजर आ रहे हैं।

कोटा में अस्पताल तैयार

कोटा में भीषण गर्मी के हालात को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने खास तैयारी की है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में 200 बेड का प्री-फैब्रिकेटेड वार्ड रिजर्व कर दिया गया है, जिसमें से 50 बेड पर हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए सुविधा शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों ने खासतौर पर दोपहर के समय लोगों को बाहर न निकलने की सलाह दी है।

जोधपुर-बाड़मेर में रात का तापमान भी बढ़ा

जोधपुर, बाड़मेर और फलोदी जैसे अपेक्षाकृत गर्म शहरों में तेज धूप के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाओं का असर कई दिनों से देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान भी 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अलवर और सीकर में भी गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

हीटवेव में बाहर न निकलने की सलाह

राजधानी जयपुर में तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं अलवर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 4-7 दिनों तक समूचे राजस्थान में हीटवेव का असर जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article