शहर

राजस्थान का मौसम (17 July 2026) Rajasthan Weather Today: तीन दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, आज राजस्थान के 19 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17 July 2026: राजस्थान में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 18 फीसद कम बारिश हुई है। आज 19 जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। IMD का अनुमान है कि 21 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा।

Image

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम (AI Image)

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 17 जुलाई 2026): राजस्थान में इस बार मानसून की रफ्तार अब तक उम्मीद से धीमी रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक राज्य में अब तक सामान्य से 18 फीसद कम बारिश हुई है। कमजोर मानसून के चलते कई जिलों में तापमान फिर बढ़ने लगा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि आज यानी शुक्रवार 17 जुलाई को 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि कल शनिवार 20 जुलाई को 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 जुलाई से राज्य में मानसूनी गतिविधियां दोबारा तेज होंगी।

मौसम वैज्ञानिकों के मतुाबिक फिलहाल मानसून ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर हिमालय क्षेत्र की तरफ खिसक गई है, जिससे राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। यही नहीं, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर बने वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया (WML) का असर पूर्वी भारत तक ही ज्यादा सीमित रहने के कारण भी राज्य में पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पा रही है।

आज यहां हल्की बारिश का अनुमान

आज यानी शुक्रवार 17 जुलाई को कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां और झालावाड़ में हल्की बारिश की संभावना है। सोमवार 20 जुलाई को भी पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

फिर से पारा 40 पार पहुंचा

बारिश की कमी का असर यहां तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है। कल यानी गुरुवार 16 जुलाई को चूरू 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। बीकानेर में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं श्रीगंगानगर में 17 मिमी बारिश होने के बाद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।

जयपुर से जोधपुर तक गर्मी से बेहाल लोग

जयपुर में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री, जोधपुर में 37.6 डिग्री, अलवर में 38.2 डिग्री, कोटा में 37.7 डिग्री और फतेहपुर (सीकर) में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकांश शहरों में दिनभर उमस और तेज धूप से लोग परेशान रहे।

जयपुर में औसत से बहुत कम बारिश

राजधानी जयपुर में पिछले 11 दिनों से एक मिलीमीटर भी बारिश नहीं हुई है। जून और जुलाई मिलाकर अब तक सिर्फ 135 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है, जबकि सिर्फ जुलाई का ही सामान्य औसत लगभग 180 मिमी माना जाता है। लगातार सूखे मौसम के कारण शहर में उमस और गर्मी दोनों बढ़ गई हैं।

21 जुलाई से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार 21 जुलाई से कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का नया दौर शुरू होगा। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी व मध्य राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article