शहर

Himachal Weather: हिमाचल में थमा नहीं है खतरा! 18 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, IMD ने दी भारी बारिश की चेतावनी

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून की तबाही के बाद राहत कार्य तेज हो गए हैं। बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने 19 से 22 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का नया अलर्ट जारी किया है।

Image

19 तारीख से हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

Himachal Monsoon Update: हिमाचल प्रदेश में हाल ही में मानसून के कारण मची तबाही के बाद अब आवश्यक सेवाओं को बहाल करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में बंद सड़कों, बिजली कटौती और पानी की किल्लत में भारी कमी आई है। हालांकि, राहत के इन कदमों के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 जुलाई से राज्य में मानसून के एक और सक्रिय और खतरनाक दौर का पूर्वानुमान जारी कर दिया है।

50 सड़कें अब भी बंद

SEOC की गुरुवार शाम की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में बंद सड़कों की संख्या घटकर 50 रह गई है, जो बुधवार को 53 थी। राहत की बात यह है कि सभी राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highways) यातायात के लिए पूरी तरह खुले हैं। बिजली-पानी में सुधार: राज्य में बिजली बहाली का काम सबसे तेजी से हुआ है। बुधवार को प्रभावित ट्रांसफार्मर (DTR) की संख्या 158 थी, जो गुरुवार शाम तक घटकर सिर्फ 4 रह गई। इसके अलावा, सभी बाधित पेयजल योजनाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं।

बंद सड़कों में सबसे अधिक 28 सड़कें कुल्लू जिले में हैं। इसके बाद मंडी में 14, कांगड़ा में 4, शिमला और ऊना में 2-2, और सिरमौर में 1 सड़क बंद है। कुल्लू के निर्माण, बंजार और मनाली में सड़कें ज्यादा प्रभावित हैं, जबकि बिजली की 4 कटौती भी कुल्लू के बंजार में ही सीमित है।

19 जुलाई से भारी बारिश की चेतावनी

राहत कार्यों के बीच मौसम विभाग (IMD) के शिमला केंद्र ने राज्य के लिए नई चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई से हिमाचल में मानसून फिर से जोर पकड़ेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में 18 जुलाई से हल्की से मध्यम बारिश शुरू होगी, जबकि 19 से 22 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान ज्यादातर जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।

हालांकि, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 24 से 30 जुलाई के बीच मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी और अगस्त के पहले पखवाड़े (First Half) में भी बारिश सामान्य रहने की उम्मीद है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को नदी-नालों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article