शहर

राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 21 IPS अधिकारियों के तबादले; देखें अफसरों की पूरी लिस्ट

राजस्थान सरकार ने 21 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। शरद कविराज को जोधपुर का पुलिस कमिश्नर और विपिन कुमार पांडेय को एडीजी क्राइम बनाया गया है। कई आईजी और एडीजी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं। आइए देखते हैं नई सूची।

Image

राजस्थान में 21 IPS अफसरों के हुए तबादले

Photo : Times Now Digital

Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 21 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सोमवार देर रात जारी हुई इस सूची में दो अतिरिक्त महानिदेशक (ADG), जोधपुर पुलिस कमिश्नर और जयपुर के स्पेशल कमिश्नर समेत कई रेंज आईजी (IG) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कार्मिक विभाग के नए आदेश में कई अधिकारियों को पदोन्नति (Promotion) के बाद नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जोधपुर और जयपुर में नए पुलिस आयुक्तों की तैनाती

इस फेरबदल के तहत शरद कविराज को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे आईजी, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के पद पर तैनात थे। वहीं, जोधपुर के निवर्तमान कमिश्नर ओम प्रकाश को जयपुर का स्पेशल पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। राहुल प्रकाश, जो अब तक जयपुर के स्पेशल पुलिस कमिश्नर थे, उन्हें जयपुर रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है।

एडीजी स्तर के बड़े बदलाव

पुलिस मुख्यालय और क्राइम ब्रांच में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। एडीजी क्राइम हवा सिंह को अब एडीजी पीएचक्यू (PHQ) की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह विपिन कुमार पांडेय को नया एडीजी क्राइम नियुक्त किया गया है। विपिन कुमार अब तक भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड में एडीजी के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा, प्रफुल्ल कुमार को पदोन्नत कर एडीजी इंटेलिजेंस बनाया गया है, जबकि जयपुर रेंज के आईजी रहे राघवेंद्र सुहासा को प्रमोट कर एडीजी ट्रेनिंग नियुक्त किया गया है।

रेंज आईजी और अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां

राज्य की विभिन्न पुलिस रेंजों में भी नेतृत्व बदला गया है। सत्येंद्र सिंह को सीआईडी-सीबी से हटाकर जोधपुर रेंज का आईजी बनाया गया है। वहीं अजय पाल लांबा अब आईजी एसओजी (SOG) जयपुर की कमान संभालेंगे। बीकानेर रेंज के आईजी हेमंत कुमार शर्मा को आईजी (SCRB) जयपुर के पद पर भेजा गया है। राजेश मीणा को जोधपुर रेंज से हटाकर आईजी होमगार्ड्स, जयपुर नियुक्त किया गया है और कोटा के डीआईजी राजेंद्र गोयल को प्रमोट कर कोटा का ही आईजी बनाया गया है।

स्पेशल टास्क फोर्स में नई कमान

एटीएस (ATS) और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के कार्यभार को भी स्पष्ट किया गया है। अब तक दोनों विभागों को संभाल रहे आईजी विकास कुमार अब केवल एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का नेतृत्व करेंगे। वहीं, राजेश सिंह को नया एटीएस (ATS) आईजी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा एस. परिमल को आईजी कार्मिक से हटाकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में आईजी के पद पर भेजा गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article