शहर

जोधपुर हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी; परिसर खाली कराया, सर्च ऑपरेशन जारी

जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अदालत की सुनवाई शुरू होने से पहले ही परिसर में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

Image

राजस्थान हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (फाइल फोटो | Rajasthan High Court Official Site)

Rajasthan High Court Bomb Threat: राजस्थान के जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरी सूचना प्राप्त हुई। अदालती कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

हाईकोर्ट परिसर में मचा हड़कंप, सुनवाई रोकी गई

मंगलवार सुबह जैसे ही हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी की खबर फैली, वकीलों, कर्मचारियों और फरियादियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत ही हाईकोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को बंद कर दिया गया। न्यायाधीशों और कर्मचारियों सहित वहां मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर गार्डन एरिया में जाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल अदालती कार्यवाही को रोक दिया गया है और परिसर को पूरी तरह खाली करवाया जा रहा है।

मौके पर सुरक्षा एजेंसियों का जमावड़ा

धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गया है। डॉग स्क्वायड की मदद से हाईकोर्ट की मुख्य इमारत, गलियारों और पार्किंग एरिया की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे को खंगाल रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।

कुछ ही दिनों के भीतर यह दूसरी धमकी

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों के भीतर झालामंड स्थित राजस्थान हाईकोर्ट को उड़ाने की यह दूसरी धमकी है। इससे पहले 6 फरवरी को इसी तरह की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने घंटों जांच-पड़ताल की थी, हालांकि उस समय कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। परिसर को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साइबर सेल की टीम धमकी देने वाले स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह किसी की शरारत है या कोई वास्तविक खतरा। हालांकि अभी तक किसी तरह की संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article