रायपुर

Chhattisgarh: जशपुर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 की मौत, 7 अन्य घायल

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भारी बारिश का दौर जारी है। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग स्थानों पर 3 महिलाओं की मौत और 7 अन्य लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 की मौत

Photo : iStock

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। इस बीच जशपुर में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य घायल बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख प्रकट किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को घायलों को उचित चिकित्सा देने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि आज भी जशपुर जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 की मौत

अधिकारियों ने बताया कि जिले के पत्थलगांव और बागबाहरा थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हुई है। पुलिस ने मृतकों की पहचान श्रद्धा यादव (35), राखी पैंकरा (20) और अखियारो मिंज (40) के रूप में की है। अधिकारियों के मुताबिक, पत्थलगांव क्षेत्र के अंतर्गत चंदागढ़ गांव में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे नौ महिलाएं खेत में काम करने गई थी। तभी अचानक बारिश होने लगी और तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसमें झुलसने से श्रद्धा और राखी नाम की महिलाओं की मौत हो गई है। इस घटना में 7 अन्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों के बताया कि इसी तरह की एक अन्य घटना बागबाहरा क्षेत्र के अंतर्गत कुरकुट नाले के करीब खेत में हुई। यहां काम करने के दौरान अखियारो मिंज नामक महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जशपुर जिले में मानसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिसकी चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो चुकी है।

छत्तीसगढ़ के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें से 2 जिले बलरामपुर और कोरबा को में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और बलौदा बाजार में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article