Chhattisgarh Election: छत्तीसगढ़ में बीजेपी अब पूरी तरह से चुनावी मूड में आ चुकी है। बीजेपी आज से राज्य में परिवर्तन यात्रा शुरू कर दी। इसका उद्घाटन करने गृह मंत्री अमित शाह आज रायपुर पहुंचेंगे। बीजेपी ने इस यात्रा के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा आज से शुरू करेगी परिवर्तन यात्रा (फोटो- BJP)
क्या है कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से मंगलवार को भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। 10 दिन में अमित शाह का यह दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे 2 सितंबर को रायपुर पहुंचे थे। शाह दोपहर करीब 1.20 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2.15 बजे उनकी हाई स्कूल प्रदान में सभा होगी।
पहला चरण आज से शुरू
इससे पहले गृहमंत्री दोपहर करीब 2 बजे दंतेवाड़ा स्थित करली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से दोपहर 2.05 बजे दंतेवाड़ा में बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का दर्शन करने के बाद सभा स्थल जाएंगे। शाम 4 बजे उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। बस्तर दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव इस परिवर्तन यात्रा के पहले चरण का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा का पहला चरण आज दंतेवाड़ा से शुरू हो रहा है। समापन बिलासपुर में होगा। पहले चरण की यह यात्रा दंतेवाड़ा से बिलासपुर तक निकलेगी। करीब 1728 किमी की यह यात्रा 16 दिन में पूरी की जाएगी। इसमें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में करीब 45 आम सभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे।
बस में हैं ये सुविधाएं
भाजपा नेताओं ने बताया कि बस में सीसीटीवी कैमरे, एलईडी स्क्रीन, यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं हैं। भगवा रंग में रंगी बस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता नारायण चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे और लता उसेंडी की तस्वीरें हैं।
पीएम मोदी भी हो सकते हैं शामिल
पहली यात्रा 16 दिन में बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभागों में 1,728 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जबकि दूसरी यात्रा 13 दिन में बिलासपुर और सरगुजा संभागों में 1,261 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। दोनों यात्राओं के दौरान 84 सार्वजनिक सभायें, 85 स्वागत सभाएं और सात रोड शो होंगे। यात्रा 87 विधानसभा क्षेत्रों (कुल 90 में से) में 2,989 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बिलासपुर में समाप्त होंगी। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की उम्मीद है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
