Rahul Gandhi: राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज 19 सितंबर, शनिवार को रीजनल पार्क के सामने आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके शाम करीब 6 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की संभावना है। राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा के साथ सीआरपीएफ और एएसएल सुरक्षा कवर प्राप्त है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले इंदौर में सुरक्षा का मेगा प्लान
1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर वीवीआईपी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 7 अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, एसीपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक 1000 से अधिक कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
कार्यक्रम स्थल के आसपास रहेगी खास नजर
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था के साथ सभी जोन के डीसीपी करेंगे। कार्यक्रम स्थल के आसपास आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर तैयार किया गया है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां
वहीं, राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए इंदौर में यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। शहर के चारों जोन में 500 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 100 से ज्यादा ट्रैफिक पॉइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान और ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वीवीआईपी सुरक्षा के साथ आम नागरिकों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना भी प्राथमिकता है।
