Punjab: पंजाब सरकार ने राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार ने PRTC और पनबस (PUNBUS) के बेड़े में कुल 1,265 नई बसें शामिल करने का निर्णय लिया है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस विस्तार की घोषणा करते हुए इसे राज्य की कनेक्टिविटी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
PRTC और पनबस के बेड़े का कायाकल्प
राज्य सरकार ने दोनों परिवहन निगमों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए हैं। PRTC (पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन)में कुल 659 नई बसें जोड़ी जाएंगी। वर्तमान में 100 मिनी बसों और 309 मानक बसों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। वहीं पनबस (PUNBUS) के बेड़े में 606 बसें शामिल होंगी। इसमें 387 बसें सीधे विभाग द्वारा खरीदी जाएंगी, जबकि बाकी किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित होंगी।
किलोमीटर स्कीम और रोजगार के अवसर
परिवहन मंत्री ने बताया कि हाल ही में किलोमीटर स्कीम के तहत 250 बसें बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं। यह योजना विशेष रूप से पंजाब के निवासियों के लिए है, ताकि राज्य में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हों। इस स्कीम के तहत बस मालिक (निजी व्यक्ति) सरकारी मानकों के अनुसार अपनी बसें तैयार कर सरकारी बेड़े के साथ चला सकते हैं।
यात्रियों को मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं
सफर को आरामदायक बनाने के लिए सरकार हाई-टेक बसों पर भी ध्यान दे रही है। पनबस के बेड़े में शामिल होने वाली 606 बसों में 19 वोल्वो (Volvo) बसें और 100 HVAC (एसी) बसें शामिल की जाएंगी। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम के तहत 100 सामान्य बसें भी रूटों पर उतारी जाएंगी।
राज्य को क्या होगा लाभ?
हरपाल सिंह चीमा के अनुसार, बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को न केवल भरोसेमंद और सुलभ यात्रा मिलेगी, बल्कि राज्य के राजस्व में भी भारी वृद्धि होगी। यह विस्तार पूरे पंजाब में परिवहन नेटवर्क को मजबूत करेगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
