पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दिवाली से पहले राज्य के 801 युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा दिया है। मंगलवार को मोहाली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में सरकारी नौकरियां पाने वाले युवाओं की संख्या बढ़कर 71,777 हो गई है। इस मौके पर सीएम मान ने दावा किया कि उनकी सरकार में सभी भर्तियां बिना किसी रिश्वत, सिफारिश और भेदभाव के पूरी तरह योग्यता के आधार पर की गई हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
पंजाब में 801 युवाओं को दिवाली का तोहफा।
'न कैश, न सिफारिश', विपक्ष को भ्रष्टाचार साबित करने की चुनौती
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। अब युवाओं को नौकरी पाने के लिए किसी नेता की सिफारिश या रिश्वत देने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने दावा किया कि 71,777 सरकारी नौकरियां देने के बावजूद उनकी सरकार के खिलाफ एक रुपये की रिश्वत लेने का भी कोई मामला सामने नहीं आया है।
इस दौरान सीएम मान ने विपक्षी नेताओं को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर उनके पास भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का कोई ठोस उदाहरण है तो उसे सामने लाएं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए उनके विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा है। उनकी सरकार का जवाब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास कार्य और उपलब्धियां हैं।
पिछली सरकारों में पैसे और सिफारिश से मिलती थीं नौकरियां
इस मौके पर सीएम मान ने अपनी पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा पिछली अकाली दल और कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में सरकारी नौकरियां पैसे, सिफारिश और रिश्वत के जरिए हासिल की जाती थीं। कई बार भर्ती प्रक्रियाएं अदालतों में वर्षों तक लंबित रहती थीं और उम्मीदवारों की उम्र निकल जाने के बाद भी नियुक्तियां नहीं हो पाती थीं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को बदलने का काम किया है। अब राजनीतिक पहुंच या आर्थिक ताकत के बजाय युवाओं की योग्यता उनके भविष्य का फैसला कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, आज मिले नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं हैं, बल्कि 801 परिवारों के लिए सम्मान, उम्मीद और बेहतर भविष्य का प्रतीक हैं।
अकाली दल और कांग्रेस पर भी साधा निशाना
भगवंत मान ने अकाली दल और कांग्रेस पर पंजाब को आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों के नेताओं ने अपने निजी हितों के लिए राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल किया। अकाली नेतृत्व पर खनन समेत दूसरे लाभदायक कारोबारों पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने वर्षों तक पंजाब को नुकसान पहुंचाया, वे आज ईमानदारी की बातें कर रहे हैं।
अकाली दल पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी यह पार्टी 25 साल तक पंजाब पर शासन करने का दावा करती थी, लेकिन आज उसके लिए अपनी कतारों में 25 भरोसेमंद नेता तलाशना भी मुश्किल हो रहा है।
अगले सप्ताह 600 और युवाओं को मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में सहायक पदों पर करीब 600 और भर्तियों के अवसर तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले दिनों में भी नियुक्तियों का सिलसिला जारी रहेगा।
उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित न रहने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने का सपना देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है, ताकि सामान्य और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे भी देश की प्रशासनिक व्यवस्था में ऊंचे पदों तक पहुंच सकें।
स्कूली शिक्षा में पंजाब को देश में नंबर वन बनाने का दावा
शिक्षा क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भगवंत मान ने दावा किया कि पंजाब स्कूली शिक्षा के मामले में केरल को पीछे छोड़कर देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सरकार की उस नीति का परिणाम है, जिसके तहत हर बच्चे को उसकी सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से इतर बेहतर शिक्षा और समान अवसर देने की कोशिश की जा रही है।
