पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भीषण सड़क हादसा; दो कंटेनरों और कार की टक्कर में 8 की मौत, 14 अन्य घायल

पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर नवले पुल के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। दो कंटेनरों और एक कार की टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई, जिससे भारी जनहानि हुई। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोग अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Pune Bangalore Highway Accident: पुणे-बेंगलुरु हाईवे के नवले पुल क्षेत्र में गुरुवार शाम एक बार फिर भयावह सड़क हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दो कंटेनर और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद दोनों कंटेनरों में आग लग गई। हादसे के दौरान कार बीच में फंस गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 8 लोगों की जान चली गई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों वाहन एक ही दिशा में तेज रफ्तार से चल रहे थे। तभी आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे सामने वाले कंटेनर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर भी कार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों कंटेनरों में आग भड़क उठी।

हादसे में 8 लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 14 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। हालांकि, आग पर काबू पाने तक काफी नुकसान हो चुका था। पूरे क्षेत्र में धुआं और आग की लपटें फैल गई थीं। नवले पुल के आसपास लगातार हो रहे ऐसे हादसों से स्थानीय लोगों में रोष है। नागरिकों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

End of Feed