Indrayani River Bridge Collapse: पुणे के मावल तहसील में रविवार दोपहर इंद्रायणी नदी पर एक पुराना लोहे का पैदल यात्री पुल ढहने से चार लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना आज, रविवार साढ़े 3 से 3:45 बजे के बीच की है। कुछ पर्यटकों के बहने की जानकारी भी सामने आई है। इस दुर्घटना में कई लोगों के डूबने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रही हैं ताकि ढांचे के हिस्सों को हटाया जा सके और फंसे हुए व्यक्ति का पता लगाया जा सके। अबतक मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं और चार लोगों के मौत की पुष्टि हुई है।
इंद्रायणी नदी का पुल ढहने से हुआ हादसा
ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी और उन्होंने मौके पर लगे चेतावनी बोर्ड को नजरअंदाज कर दिया। तालेगांव दाभाड़े पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक प्रदीप रायन्नावर ने कहा, "ढांचे के नीचे से दो शव बरामद किए गए, जबकि बचाए गए दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।"
चार लोगों की मौत
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कुंदामाला गांव के पास इंद्रायणी नदी पर दोपहर साढ़े 3 से 3:45 के आसपास एक पुराना लोहे का पुल ढह गया। इसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और आपदा राहत कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। अबतक 18 लोगों के घायल होने की सूचना है और चार लोगों के मौत की पुष्टि हुई है।
पिंपरी चिंचवाड़ (जोन 2) के DCP विशाल गायकवाड़ ने बताया, कि आज झील और झरने के पास बना पुराना लोहे का पुल ढह गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हो गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। NDRF की टीम पहुंच गई है और बचाव अभियान चला रही है।
मुख्यमंत्री का आया बयान
इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे जिले के तलेगांव के पास इंदौरी में इंद्रायणी नदी पर बने पुल के ढहने की घटना की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं... हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के संबंध में वो संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित तहसीलदार के लगातार संपर्क में हैं। इस दुर्घटना में 32 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर है, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर पहुंचीं सुप्रिया सुले
NCP शरद गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंची हैं। इसके पहले इस घटना पर उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया था।
पुणे जिले के मावल तालुका के कुंडमाला में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया है। आशंका है कि पुल पर मौजूद कुछ नागरिक बह गए होंगे। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि ये सभी नागरिक सुरक्षित रहें। मैंने इस घटना के बारे में पुणे के जिला कलेक्टर से बात की है और वे सभी आवश्यक सहायता भेज रहे हैं। मैं नागरिकों से विनम्र निवेदन करता हूं कि कृपया मानसून पर्यटन के लिए यात्रा करते समय आवश्यक सावधानी बरतें। सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।
