पुणे

Pune Crime: डकैतों को पकड़ने के दौरान डीसीपी समेत दो पुलिसकर्मी घायल, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

Pune Crime News: पुणे में डकैती के मामले आरोपियों को पकड़ने के दौरान एक डकैत ने डीसीपी पर चाकू से वार किया। जिससे वे घायल हो गए। साथ ही एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में डकैत के पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

Image

फाइल फोटो

Pune Crime News: महाराष्ट्र के पुणे में डकैती के एक मामले में छानबीन कर रहे एक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और सहायक निरीक्षक उस वक्त घायल हो गए, जब दो हथियारबंद डकैतों ने उन पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी डकैती के एक मामले में आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। डकैतों में से एक ने डीसीपी पर चाकू से हमला किया। जवाबी कार्रवाई में डीसीपी ने अपनी सरकारी रिवॉल्वर से गोली चलाई जो डकैत के पैर में लगी। बाद में उसे पकड़ लिया गया। घटना सोमवार को तड़के महाराष्ट्र के पुणे जिले की खेड़ तहसील के चिंचोशी गांव में हुई।

गांव में दो डकैतों के छिपे होने की मिली सूचना

पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस उपायुक्त (जोन तीन) डॉ. शिवाजी पवार ने बताया कि पुलिस को गांव में दो डकैतों के छिपे होने की सूचना मिली थी। दोनों पांच-छह डकैतों के एक गिरोह का हिस्सा थे, जिन्होंने पिछले महीने बाहुल गांव में एक घर में घुसकर लोगों को लूटा और दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पवार ने कहा, ‘‘सूचना मिलने के बाद मैं चाकन थाने की एक टीम के साथ मौके पर पहुंचा और संदिग्धों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।’’ संदिग्धों की पहचान सचिन भोसले एवं मिथुन भोसले के रूप में हुई है।

सहायक पुलिस निरीक्षक भी हुए घायल

अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करते समय सचिन भोसले ने मुझ पर ‘कोयता’ (धारदार हथियार) से हमला किया, जिससे मेरे सीने पर चोट लग गई। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में मैंने दो राउंड गोली चलाई। गोली सचिन भोसले के पैर में लगी।’’ अधिकारी वर्तमान में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सचिन भोसले को पकड़ लिया गया, जबकि मिथुन भोसले भागने में सफल रहा। अधिकारी ने कहा कि झड़प के दौरान चाकन थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक प्रसन्न जरहाद भी घायल हो गए। पवार ने इससे पहले एक जनवरी, 2018 को कोरेगांव भीमा में हुई हिंसा के बाद पुणे में एल्गार परिषद-माओवादी संबंध मामले की जांच की थी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article