प्रयागराज

महाकुंभ में नहीं कर पाए पवित्र स्नान तो चिन्ता न करें.. आपके घर तक पहुंचेगा त्रिवेणी संगम से गंगा जल

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अनोखी पहल कर रही है। प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेले में जो लोग स्नान करने नहीं आ पाए हैं। उनके लिए संगम का जल भिजवाया जाएगा। योगी सरकार प्रदेश के 75 जिलों में त्रिवेणी संगम का जल पहुंचाएगी। सभी 75 जिलों से आए फायर टेंडर के जरिए संगम का जल भिजवाया जाएगा।

Image

प्रयागराज संगम

Prayagraj News: अग्निशमन तथा आपात सेवा ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संगम का जल पहुंचाने की नायाब पहल की है। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि जो लोग किन्हीं कारणों से महाकुंभ में स्नान करने नहीं आ पाए हैं, उनके लिए सरकार संगम का जल भिजवाएगी। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अब अग्निशमन तथा आपात सेवा ने यह बीड़ा उठाया है।

फायर टेंडर से भेजा जाएगा गंगा जल

अग्निशमन तथा आपात सेवा की अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रमोद शर्मा को निर्देश दिए हैं कि सभी 75 जनपदों से आए फायर टेंडर के माध्यम से संगम का जल भिजवाया जाए। शुक्रवार से जनपदों से आए फायर टेंडर लौटना शुरू होंगे और उन सभी में संगम का जल भेजा जाएगा, ताकि लोग संगम के जल से घर पर स्नान कर पुण्य अर्जित कर सकें। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप एक अनोखी पहल है जिसके तहत किसी कारण से कुंभ न आ पाने वाले श्रद्धालुओं को भी जल मिलेगा।

66 करोड़ से अधिक लोगों ने किया महाकुंभ में स्नान

ज्ञात हो कि महाकुंभ में इस बार 66 करोड़ से भी अधिक श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में आकर आस्था की डुबकी लगाई थी। महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक संपन्न हुआ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह महाकुंभ 2025 की औपचारिक पूर्णाहुति के लिए प्रयागराज पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ नगर के अरैल घाट पर सफाई कर्मियों के साथ मिलकर घाट की सफाई की और गंगा तट पर स्नानार्थियों द्वारा छोड़े गए वस्त्र आदि को साफ करने में अपने मंत्रियों के साथ श्रमदान किया था। जल में मौजूद छोड़े गए वस्त्रों को निकालकर महाकुंभ के उपरांत पूरे मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए अभियान का शुभारंभ किया था।

नाविकों के लिए सरकार की विशेष सुविधाएं

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में नाविकों के योगदान को लेकर उनके साथ संवाद किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नाविकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की थीं। सीएम योगी ने कहा था कि नाव चालकों को सरकार विशेष सुविधाएं देगी, जिसके तहत पहले नाविकों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके बाद नाव के लिए पैसा और 5 लाख रुपए तक बीमा कवर की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में महाकुंभ से जुड़े स्वच्छता कर्मियों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी बड़ी सौगात देते हुए उनके लिए 10 हजार रुपए अतिरिक्त बोनस और अप्रैल से न्यूनतम वेज के रूप में 16 हजार रुपए देने की घोषणा की थी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article