गुरुग्राम

शांति चाहिए तो यहां आइये! खुलने जा रहा भारत का पहला 'वर्ल्ड पीस सेंटर'; आध्यात्म-शांति की आर्ट सिखाएंगे नामी संत

Gurugram World Peace Centre: गुरुग्राम में विश्व शांति और आध्यात्म का महासंगम होने वाला है। जहां देश के बड़े संतों का जमावड़ा लगेगा। गुरुग्राम के सेक्टर-39 में भारत का पहला ‘वर्ल्ड पीस सेंटर’ खुलने जा रहा है, जो आध्यात्म और शांति का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है।

Image

गुरुग्राम वर्ल्ड पीस सेंटर (फाइल फोटो)

Gurugram World Peace Centre: प्रयागराज महाकुंभ के समापन के बाद अब धर्म व आध्यात्म की अगली बड़ी लहर हरियाणा के गुरुग्राम की ओर बढ़ रही है। इसके तहत दो मार्च को गुरुग्राम के सेक्टर-39 में भारत का पहला ‘वर्ल्ड पीस सेंटर’ खुलने जा रहा है, जो आध्यात्म और शांति का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है। यह केंद्र न केवल भारत की आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करेगा, बल्कि विश्व शांति के संदेश को भी आगे बढ़ाएगा। ‘वर्ल्ड पीस सेंटर’ का उद्घाटन पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में योग गुरु बाबा रामदेव, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू और जैनाचार्य लोकेश मुनि जैसे देश के शीर्ष संत एक ही मंच पर नजर आएंगे। इसके साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

शांति, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा

इस भव्य आयोजन में युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नैतिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, महिला सशक्ति‍करण को बढ़ावा देने के लिए भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह केंद्र योग, ध्यान और भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर प्रमोट करने की पहल करेगा। इस केंद्र में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) और विश्व धर्म संसद के सहयोग से जैन जीवनशैली और आध्यात्म पर शोध और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह सभी कार्यक्रम आचार्य लोकेश मुनि के मार्गदर्शन में होंगे, जो वर्षों से शांति, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं।

राजस्थान के पचपदरा निवासी आचार्य लोकेश मुनि इस पहल के मुख्य प्रेरणा स्त्रोत हैं। उन्होंने शांति और अहिंसा के संदेश को दुनियाभर में फैलाने के लिए कई पहल की हैं। यह केंद्र उनके इसी संकल्प का परिणाम है। आयोजकों ने बताया कि 2 मार्च की सुबह 10 बजे आयोजन का भव्य उद्घाटन समारोह होने जा रहा है। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत को विश्व शांति और अध्यात्म का केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!