प्रयागराज

Kaushambi: मिट्टी खोदती महिलाओं के ऊपर ही ढह गया टीला, पांच की मौत

कौशांबी जिले में सोमवार की सुबह एक हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई। लिपाई-पुताई की मिट्टी खोद रही महिलाओं के ऊपर टीला ही गिर गया। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

dead body

सांकेतिक फोटो

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोद रहे आठ लोगों के ऊपर टीला ही भरभराकर गिर पड़ा। टीले में दबकर दो किशोरियों सहित पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथ से ही मिट्टी हटानी शुरू की। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलवाकर मिट्टी हटाई गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कोखराज थानाध्यक्ष चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि सोमवार की सुबह थाना क्षेत्र के टीकरडीह गाँव की कुछ महिलाएं घर की लिपाई पुताई के लिए मिट्टी खोदने गांव के बाहर एक टीले पर गई थी। मिट्टी खोदते समय अचानक टीले का बड़ा हिस्सा ढह गया और वहां मौजूद सभी लोग उसमें दब गए। मिट्टी के ढेर में दबने से ममता (35) पत्नी अवधेश, ललिता (35) पत्नी राजेश, कछरही (70) पत्नी छोटे, उमा देवी (15) पुत्री मायादीन और खुशी (17) पुत्री मूलचंद की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं मैना देवी पत्नी राजू, सपना पुत्री भारत और आदेश पुत्र छोटेलाल मिट्टी में दबाकर गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए शोक संतृप्त परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।

(इनपुट-भाषा)

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article