Prayagraj : प्रयागराज के ग्रामीण इलाके में दहशत का पर्याय बन औरों को निगलने वाला विशालकाय अजगर आखिरकार खुद शिकार बन गया। बता दें कि छोटे से कस्बे करारी के पुद्दू तालाब में कई वर्षों से एक अजगर ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ था। ग्रामीणों ने उसे कई बार देखा मगर उसे पकड़ने की हिम्मत किसी की नहीं हुई। अजगर आए दिन ग्रामीणों के पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना रहा था। इस वजह से कस्बे के लोग डरे रहते थे।
प्रयागराज के ग्रामीण इलाके में दहशत का पर्याय विशाल अजगर आया पकड़ में ,ग्रामीणों ने ली राहत की सांस। (सांकेतिक तस्वीर)
इलाके में अजगर का खौफ ऐसा कि तालाब की ओर जाने की हिम्मत किसी में ना थी। आखिर लोगों ने अजगर से छुटकारा पाने का मंसूबा किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस व वन विभाग की टीम भी बिना किसी जुगाड़ के अजगर को पकड़ने में असफल रही। इसके बाद ग्राीमणों की सूझबूझ से जेसीबी बुलाई गई। इसके बाद तालाब में एक बड़ा गड्ढा खोदा गया। तब कहीं जाकर अजगर पकड़ में आया। 12 फीट लंबे विशालकाय अजगर को देखकर एक बारगी तो मौके पर मौजूद सभी लोगों की सांसे थम गईं। बाद में उसे एक बड़े बोरे में बंद कर वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया।
