Prayagraj: संगम नगरी प्रयागराज में अब सड़कों पर तेज गति से वाहन दौड़ाने वालों की खैर नहीं है। सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में कमी लाने को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। लापरवाही व ओवर स्पीड वाहनों पर नकेल कसने के लिए पुलिस इंटरसेप्टर टीम को तैनात करेगी। एसएसपी शैलेश पांडेय के मुताबिक वाहन चालकों का सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
ओवर स्पीड और नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण अधिक सड़क हादसे होते हैं। एसएसपी के मुताबिक एनएच पर पुलिस पेट्रोलिंग को और मजबूत बनाया जाएगा। वहीं ओवर स्पीड वाहनों की जांच के लिए इंटरसेप्टर टीम को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा एनएच पर सड़क के किनारों पर बेतरतीब खड़े होने वाले व्हीकल्स का चालान किया जाएगा। एसएसपी के मुताबिक सड़क हादसों में असमय मौत के मुंह में समाने से उनके परिवार टूट जाते हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
