Prayagraj Mahakumbh 2025: संगम नगरी प्रयागराज में इस बार महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं को त्रिवेणी संगम का नजारा कुछ अलग हटकर दिखाई देगा। सूबे की योगी सरकार ने एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। जिसमें रोपवे के लिए 4 केबल लगाई जाएगी। बता दें कि, संगम पर रोपवे का ये प्रोजेक्ट महाकुंभ से पहले पूरा किया जाना है।
प्रयागराज में महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं को त्रिवेणी संगम दर्शन रोपवे के जरिए होंगे
हालांकि ये प्रोजेक्ट पीपीपी मॉडल पर चलाया जाना प्रस्तावित है। परियोजना से जुड़े अधिकारियों की मानें तो इसे सीएम योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से इसका पूरा खाका तैयार किया गया है। इस बार प्रयागराज आने वाले श्रद्धालु अब केबल कार के जरिए संगम, अक्षयवट व सरस्वती कूप सहित माघ मेला और कुंभ मेला का नजारा देख सकेंगे।
प्रयागराज में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि, साधु संतों सहित श्रद्धालुओं व पर्यटकों को रोपवे की सेवा मिलेगी। इस परियोजना की खास बात ये है कि, महाकुंभ से पहले रोपवे की योजना पर काम शुरू हो गया है। जिसमें झूंसी से अरैल के बीच तीन रोपवे स्टेशन बनाए जाएंगे, जिन पर 60 करोड़ रुपये से अधिक खर्च आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सीएम की बैठक में परियोजना का पूरा खाका बताया
हाल ही में प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई बैठक में पर्यटन विभाग की ओर से इसका पूरा खाका प्रस्तुत किया गया। जिसमें कुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने संगम पर रोपवे की योजना का प्रस्ताव सीएम के समक्ष प्रस्तुत किया था। मंडल आयुक्त विजय विश्वास पंत के मुताबिक, झूंसी में उल्टा किला, अरैल में त्रिवेणी पुष्प परिसर व सोमेश्वर महादेव के पास रोपवे स्टेशन बनाए जाएंगे। मंडलायुक्त के मुताबिक, सोमेश्वर महादेव के पास स्टेशन बनाने के लिए जगह का सर्वे किया गया है। इस परियोजनों के लिए बनीं योजना के मुताबिक, सरकार इसके लिए भूमि देगी। बाकी का कार्य जिस कंपनी के नाम टेंडर होगा वह करेगी। जिसमें टेरिफ प्लान व केबल कार संचालन की जिम्मेदारी कंपनी की होगी। बता दें कि, केबल कार से एक बार में 20 से 25 पर्यटक इन स्टेशनों से महज 10 से 15 मिनट के अंदर संगम दर्शन कर सकेंगे।
