Prayagraj : स्ंगम नगरी प्रयागराज के रामबाग इलाके में स्थित एक बिल्डिंग में कैंसर रोग विशेषज्ञ के फ्लैट में सड़ी गली मिली एक महिला की न्यूड डेड बॉडी को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मृतका 35 वर्षीय महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस के मुताबिक पीएम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतका के गले पर शिकंजा कसे जाने के निशान मिले हैं। पुलिस अब यह आशंका भी जता रही है कि उसके साथ रेप किया गया है।
हालांकि इस बात की फिलहाल पुष्टि नहीं की गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कर रही टीम ने उसके सैंपल स्लाइड सुरक्षित रखे हैं। बता दें कि बीते गुरुवार को रामबाग इलाके की एक बिल्डिंग में दूसरे माले पर मौजूद एक डॉक्टर के फ्लैट में एक महिला की एक सप्ताह पुरानी सड़ी-गली न्यूड डेड बॉडी पुलिस को मिली थी। शुक्रवार देर शाम को दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम शुरू किया। इस बीच यह भी जानकारी सामने आई कि महिला की मौत एक सप्ताह पूर्व हुई। डेड बॉडी बिना कपड़ों के मिली, जिस पर पुलिस ने रेप होने का शक जताया। डेड बॉडी काफी पुरानी होने के चलते इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। हालांकि डॉक्टर ने मृतका के सैंपल स्लाइड सुरक्षित रखे हैं। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में स्पष्ट बताया जा सकेगा।
