प्रयागराज माघ मेला 2023: अच्छी खबर! यूपी रोडवेज चलाएगी मेले में 2800 अतिरिक्त बसें, आसपास के इलाकों के लिए भी चलेंगी बसें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 4, 2023, 08:02 PM IST

Prayagraj Magh Mela 2023: यूपी रोडवेज माघ मेले में 2800 अतिरिक्त बसें चलाएगी। बसों के संचालन को लेकर इलाके तय कर दिए गए हैं। एमडी के मुताबिक, विभागीय तौर पर माना जा रहा है कि मेले में प्रमुख स्नान तिथियों मौनी अमावस्या व बसंत पंचमी पर भीड़ अधिक रहेगी, जिसमें प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 से 27 जनवरी तक बसों के संचालन पर अधिक जोर रहेगा।

KEY HIGHLIGHTS
  • माघ मेले में यूपी रोडवेज चलाएगी 2800 अतिरिक्त बसें
  • आसपास के इलाकों में घूमने के लिए चलेंगी 80 बसें
  • मेला अवधि में 200 बसें रिजर्व कोटे में रखी जाएंगी

Prayagraj Magh Mela 2023: प्रयागराज में संगम के तीरे पर 6 जनवरी से माघ मेला आरंभ होने जा रहा है। मेला फरवरी में बसंत पंचमी तक जारी रहेगा। माघ मेले को लेकर करीब- करीब सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यूपी रोडवेज अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी में है। यूपी रोडवेज के एमडी संजय कुमार के मुताबिक, माघ मेले में 2800 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। बसों के संचालन को लेकर इलाके तय कर दिए गए हैं।

Prayagraj News (14)

यूपी रोडवेज माघ मेले में 2800 अतिरिक्त बसें चलाएगी ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

एमडी के मुताबिक, विभागीय तौर पर माना जा रहा है कि, मेले में प्रमुख स्नान तिथियों मौनी अमावस्या व बसंत पंचमी पर भीड़ अधिक रहेगी, जिसमें प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 से 27 जनवरी तक बसों के संचालन पर अधिक जोर रहेगा। लोगों को बसों में सफर करने की सुविधा का लाभ मिले इसके लिए विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालु कर सकेंगे इन इलाकों का तीर्थाटन

संगम नगरी में माघ स्नान के लिए आने वाले लोग इसके आसपास के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का तीर्थाटर भी कर सकेंगे। इसके लिए यूपी रोडवेज संगम नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज के आसपास के प्रमुख तीर्थ स्थलों जैसे अलोपी देवी मंदिर, लेटे हनुमान मंदिर, काशी, विंध्याचल, चित्रकूट एवं अयोध्या के लिए भी 80 अतिरिक्त बसें चलाएंगी। वहीं 2800 बसों के संचालन के अलावा 200 बसें रिजर्व में रखी जाएंगी। जिससे बसों के खराब होने की स्थिति में रिजर्व बसों को रिप्लेस किया जा सके।

कोविड प्रोटोकॉल सख्ती से होगा लागू

बता दें कि, इस बार माघ मेले में आने वाले लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालना करवाया जाएगा। कोविड प्रोटाकॉल के तहत किए गए प्रबंध को लेकर प्रयागराज सीएमओ डॉ. अंशु पांडे के मुताबिक, समूचे मेला क्षेत्र में 18 एंट्री गेट बनाए गए हैं। सभी एंट्री गेट पर 4 सदस्यीय स्वास्थ्य कार्मियों की टीम मौजूद रहेगी। टीम मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं व कल्पवासियों की इंफ्रारेड स्कैनर के जरिए जांच करेगी। इसके अलावा कोविड हेल्प डेस्क में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी लोगों को कोविड संक्रमण से बचाव के बारे में जानकारी देने के अलावा वैक्सीनेशन करेगी। इसके अलवा कई डॉक्टर्स की तैनाती भी की गई है।

End Article
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभा...

End of Feed