Prayagraj News: भारत से पाकिस्तानी लोगों को वापस उनके देश भेजने के केंद्र सरकार के आदेश के मद्देनजर प्रयागराज जिले से एक पाकिस्तानी महिला को शुक्रवार को वापस भेज दिया गया, जबकि शेष तीन महिलाएं शनिवार को लौट जाएंगी। प्रयागराज में चार पाकिस्तानी नागरिक आए थे। जिनमें से एक नागरिक को वापस भेजा जा चुका है।
सांकेतिक फोटो
प्रयागराज में चार पाकिस्तानी नागरिक की पहचान
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया, “पाकिस्तान की एक महिला शुक्रवार को यहां से जा चुकी है, जबकि तीन पाकिस्तानी महिलाओं से हमने बात कर ली है और वे आज यहां से निकल जाएंगी।” उन्होंने बताया, ‘‘ये सभी अल्पकालिक अवधि के लिए यहां आई थीं जिसमें से एक महिला इलाज के संबंध में आई थी। हम स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) के संपर्क में हैं और स्थिति पर पूरी तरह से नजर रखे हुए हैं।’’ गाबा ने कहा कि यह (पाकिस्तानी लोगों) पूरे प्रयागराज जनपद का आंकड़ा है और कुल चार पाकिस्तानी जिले में आए थे।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार का आदेश
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंवादियों ने पर्यटकों पर हमला किया था। जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा कैंसिल करने और उन्हें 48 घंटे में अपने मुल्क वापस जाने का आदेश दिया था। इस आदेश के मद्देनजर ही प्रयागराज में आज तीन अन्य पाकिस्तानी नागरिकों को उनके देश भेजा जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
