Prayagraj Maha Kumbh 2025: प्रयागराज में इन दिनों बड़ी तादाद में श्रद्धालु महाकुंभ आ रहे हैं। 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा का स्नान पड़ रहा है। इस दिन दूर-दूर से श्रद्धालु महाकुंभ में गंगा स्नान के लिए आने वाले हैं। जिस कारण शहर में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात योजना बनाई गई है। जिससे श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र पहुंचने में परेशानी न हो। यह व्यवस्था 12 फरवरी को श्रद्धालुओं के महाकुंभ से वापसी तक जारी रहने वाली है। अगर आप प्रयागराज में महाकुंभ मेले में आने की योजना बना रहे हैं। तो यहां आने से पहले प्रयागराज प्रशासन द्वारा जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें।
प्रयागराज
माघी पूर्णिमा स्नान के लिए यातायात व्यवस्था
- माघी पूर्णिमा स्नान के मौके पर 11 फरवरी को सुबह 4 बजे से ही पूरा मेला क्षेत्र नो व्हीकल जोन (No Vehicle Zone) घोषित किया गया है।
- प्रयागराज में अन्य शहरों से महाकुंभ में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को 11 फरवरी को सुबह 4:00 बजे के बाद संबंधित रूट की पार्किंग में पार्क कराया जायेगा।
- प्रयागराज शहर में 11 फरवरी शाम 5 बजे के बाद नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। श्रद्धालुओं को प्रयागराज शहर और मेला क्षेत्र में आवागमन में कोई परेशानी न हो, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है।
- प्रयागराज में यातायात की यह व्यवस्था 12 फरवरी को मेला क्षेत्र से श्रद्धालुओं के सुगमतापूर्वक निकासी तक लागू रहेगी।
- हालांकि इस दौरान आवश्यक और इमरजेंसी सेवाओं और वाहनों के लिए छूट रहेगी।
- प्रयागराज शहर और मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश और निकासी पर लगाए गए सभी प्रतिबंध कल्पवासियों के वाहनों पर भी लागू रहेंगे।
