Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान कर रहीं महिला श्रद्धालुओं की आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें साझा करने के मामले में 17 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कानूनी कार्यवाही शुरू
पुलिस के एक बयान के अनुसार, सोशल मीडिया निगरानी टीम ने पाया कि कुछ सोशल मीडिया मंच पर कुंभ मेले में महिलाओं के स्नान और कपड़े बदलने के वीडियो अपलोड कर रहे थे, जो उनकी निजता और गरिमा का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके बाद कोतवाली कुंभ मेला थाने में मामले दर्ज किए गए और कानूनी कार्यवाही शुरू की गई।
बयान में कहा गया है कि पहली बार 17 फरवरी को महिला श्रद्धालुओं के अनुचित वीडियो पोस्ट करने के आरोप में एक 'इंस्टाग्राम' अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अबतक 17 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
सख्त से सख्त कार्यवाही
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की नियता एवं मर्यादा के खिलाफ की जाने वाली पोस्ट को चिन्हित किया जाएगा और ऐसी पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
अबतक कितने लोगों ने किया स्नान?
महाकुंभ में गुरुवार की शाम आठ बजे तक गंगा और संगम में स्नान करने वालों की कुल संख्या 58 करोड़ से ज्यादा हो गई। महाकुंभ मेले के अंतिम चरण के सफल संचालन के लिये प्रदेश सरकार 1200 अतिरिक्त बसें चलाएगी।
