प्रयागराज में महाकुम्भ मेला लगे एक महीना हो गया है। इस एक महीने के दौरान यहां लगभग 50 करोड़ लोगों ने पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। अमृत स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दोगुना से पांच-सात गुना तक बढ़ गई। सरकारी इंतेजाम की लोगों ने जमकर तारीफ की। हालांकि, इस दौरान 29 जनवरी को मौन अमावस्या के अवसर पर भगदड़ भी मची, जिसमें 30 लोगों की जान चली गई। सड़कों पर भारी जाम की वजह से लोगों को 30-30 घंटे गाड़ियों में बिताने पड़े और कई लोगों को अपनी यात्रा कैंसिल भी करनी पड़ी। 26 फरवरी तक चलने वाले महाकुम्भ में अब अगले 4 दिन महा रिकॉर्ड के हैं। चलिए जानते हैं -
प्रयागराज में बनेंगे 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स
प्रयागराज महाकुम्भ में अगले चार दिन 4 बड़े गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेंगे। इन रिकॉर्ड्स को बनते देखने के लिए करोड़ों लोग प्रयागराज में संगम तट पर मौजूद रहेंगे।
बनेंगे ये चार वर्ल्ड रिकॉर्ड
- संगम क्षेत्र में सफाई का वर्ल्ड रिकॉर्ड
- नदी की सफाई का विश्व रिकॉर्ड
- ई-रिक्शा की सबसे लंबी परेड
- हैंड प्रिंट का वर्ल्ड रिकॉर्ड
किस दिन कौन सा रिकॉर्ड बनेगा
- 14 फरवरी - 15 हजार सफाई कर्मी 10 किमी के संगम क्षेत्र की एक साथ सफाई करेंगे।
- 15 फरवरी - 300 कर्मचारी नदी में उतरकर नदी सफाई का बड़ा अभियान चलाएंगे।
- 16 फरवरी - रविवार को त्रिवेणी मार्ग पर 1000 ई-रिक्शा पर चलेंगे और ईको-फ्रैंडली ट्रांसपोर्टेशन को बढ़ावा देंगे।
- 17 फरवरी - सिंगल ईवेंट में 10 हजार लोग से हैंडप्रिंट्स लेकर रिकॉर्ड बनाया जाएगा।
इन सभी ईवेंट्स को कवर करने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) की एक टीम पहले ही संगम क्षेत्र में पहुंच गई है। इस दौरान संगम क्षेत्र में पुण्य स्नान के लिए पहुंचने वाले लोग इन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के गवाह बन सकते हैं।
