प्रयागराज

Kumbh Fire Incident: महाकुंभ में सिलेंडर की जांच होगी जरूरी, गड़बड़ी मिली तो..., आग की घटना से प्रशासन अलर्ट

Kumbh Fire Incident: महाकुंभ में हाल ही में आग लगने की घटना के बाद से सिलेंडर की जांच जरूरी कर दी गई है, साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और एलपीजी सिलेंडरों में रिसाव की जांच तकनीकी सहायकों द्वारा की जाएगी।

Image

निर्देश दिया गया कि सिलेंडर की जांच अनिवार्य है

Kumbh Fire Incident: महाकुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को खाद्य एवं रसद विभाग ने एलपीजी सुरक्षा पर एक विशेष बैठक आयोजित की।इस बैठक में विभागीय अधिकारियों, एलपीजी वितरकों, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान एलपीजी के रिसाव से हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देश दिया गया कि सिलेंडर की जांच अनिवार्य है। एलपीजी सिलेंडरों की लीकेज जांच तकनीकी सहायकों द्वारा की जाएगी। लीकेज मिलने पर सिलेंडर की आपूर्ति रोक दी जाएगी। इसके लिए सुरक्षा उपकरणों का उपयोग भी किया जाएगा। उपभोक्ताओं के गैस सिलेंडर, पाइप और रेगुलेटर की जांच करके मानक के अनुसार नहीं होने पर उन्हें बदलने के निर्देश दिए गए।

महाकुंभ मेला में आकस्मिकता से निपटने की तैयारी भी है। मेला क्षेत्र में तकनीकी सहायकों की टीमों को तैनात किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगी। वहीं, मेला क्षेत्र में अधिकतम 100 किलोग्राम गैस तक ही भंडारण की अनुमति होगी। हर आपूर्ति वाहन का पूरा विवरण कार्यालय में उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि घरेलू गैस का दुरुपयोग या अनधिकृत सिलेंडरों की बिक्री पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।खाद्य एवं रसद विभाग ने सभी एलपीजी वितरकों और अधिकारियों को मेला क्षेत्र में गैस आपूर्ति की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में तय किया गया कि नियमों के उल्लंघन पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।

बता दें कि पिछले दिनों महाकुंभ नगर परिसर में आग लगने की घटना के बाद प्रशासन सख्ती बरत रहा है। महाकुंभ नगर के सेक्टर 19 में लगी आग पर काबू पा लिया गया था और इसमें कोई जनहानि नहीं हुई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा के तमाम उपाय अपनाए जा रहे हैं। वहीं, खाद्य एवं रसद विभाग ने एलपीजी सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article