प्रयागराज

Ganga Expressway: यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे की बढ़ेगी लंबाई, गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे अब मेरठ से प्रयागराज नहीं, बल्कि मिर्जापुर, भदोही, काशी, चंदौली होते हुए गाजीपुर तक जाएगा और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा कर दी है। पढ़ें योगी आदित्यनाथ ने क्या घोषणा की।

Image

गंगा एक्सप्रेसवे की बढ़ेगी लंबाई

Photo : ANI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल के लोगों को आज एक बड़ी खुशखबरी दी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी यूपी से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर मुख्यमंत्री ने आज यानी बुधवार 22 जनवरी को बड़ी घोषणा की। तीर्थराज प्रयागराज में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के सस्टेनेबल विकास के लिए एक डेवलपमेंट रीजन बनाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे की लंबाई बढ़ाने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को प्रयाग से मिर्जापुर और फिर मिर्जापुर से भदोही और काशी, चंदौली और गाजीपुर तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में जाकर गंगा एक्सप्रेसवे यहां से गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा।

बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे की मौजूदा कुल लंबाई 1047 किमी है। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के बिजौली गांव से शुरू होकर पूर्वांचल में प्रयागराज जिले के जुडापुर डांडू गांव तक बनाया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, जिस तरह से हमने लखनऊ में लखनऊ और आसपास के जिलों को मिलाकर एक स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) बनाया है। उसी तरह से प्रयागराज और चित्रकूट को मिलाकर एक डेवलपमेंट रीजन यहां बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, इसके लिए जो जरूरी होगा, उसके तहत गंगा एक्सप्रेसवे का एक्सटेंशन दिया जाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी थे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article