Fire in Directorate of Education Prayagraj:प्रयागराज में रविवार सुबह शिक्षा निदेशालय के दो अनुभागों में अचानक आग लगी। जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में आग की चपेट में आने से सैकड़ों फाइलें जलकर राख हो गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सांकेतिक फोटो
आसपास के दफ्तरों के लोग भी बाहर निकले
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शिक्षा निदेशालय से पहले धुएं के गुबार उठते नजर आए। जिसके बाद आग ने दोनों अनुभागों को अपनी चपटे में ले लिया। आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के दफ्तरों में काम कर रहे लोग भी बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर चले गए। वहीं आग की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार आग लगने से डॉक्यूमेंट्स और फर्नीचर को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
