Prayagraj: महाकुंभ में होगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल, जानें पूरा प्लान

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2023, 07:15 PM IST

Maha Kumbh In Prayagraj: यूपी के प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भीड़, प्रबंधन और सुरक्षा का कवच बनेगा। पार्किंग एरिया और कुंभ क्षेत्र का विस्तार होगा। साथ ही बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन में भी सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। आपको पूरा प्लान समझाते हैं।

Prayagraj News: महाकुंभ 2025 को दिव्य, भव्य और नव्य बनाने के लिए योगी सरकार की तरफ से तैयारियां जोरों पर हैं। महाकुंभ में सबसे बड़ी चुनौती कुंभ क्षेत्र में दाखिल होने वाली श्रद्धालुओं की करोड़ों की भीड़ होती है, जिसका प्रबंधन कुंभ प्रशासन के लिए प्राथमिकता में सबसे पहले है। महाकुंभ- 2025 के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी विचार मंथन कर उसे धरातल में उतारने में लगी है।

Maha Kumbh Prayagraj 2025

महाकुंभ को लेकर प्रयागराज में तैयारियां तेज हुईं।

पार्किंग एरिया और कुंभ क्षेत्र का होगा विस्तार

प्रयागराज में लगने जा रहे महाकुंभ में 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के कुंभ नगरी पहुंचने का प्रशासन का अनुमान है। श्रद्धालुओं की इस भीड़ का प्रबंध करने के लिए प्रशासन की तरफ से वृहद रणनीति बनाई जा रही है। अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर की अध्यक्षता में गठित ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी ने इस पर विचार मंथन करते हुए कई बिंदुओं पर अपने सुझाव सामने रखे हैं। मेला अधिकारी, महाकुंभ विजय किरन आनंद का कहना है कि इस महाकुंभ में पिछले महाकुंभ से डेढ़ गुना ज्यादा लोगों के आने के अनुमान को देखते हुए इस बार कुंभ का पार्किंग एरिया 1200 हेक्टेयर से बढ़कर 1800 हेक्टेयर किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की अपेक्षित भीड़ में वृद्धि को देखते हुए मेला क्षेत्र को भी 3200 हेक्टेयर से बढ़ाकर 4000 हेक्टेयर किया जाएगा।

End of Feed