प्रयागराज

Prayagraj: व्यापारी के बेटे के अपहरण और हत्या पर भड़के अखिलेश, BJP सरकार पर उठाए सवाल

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2023, 09:28 PM IST

Akhilesh Yadav Slams UP BJP Sarkar: प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ कस्बे के एक व्यापारी के अपहृत नाबालिग बेटे का शव मिलने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के झूठे दावे किसी की ज़िंदगी नहीं लौटा सकते हैं।

Image

व्यापारी के बेटे की हत्या के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना।

Photo : Times Now Digital

Uttar Pradesh News: अखिलेश यादव ने प्रयागराज में कारोबारी के बेटे के अपहरण और हत्या के बाद यूपी की योगी सरकार औप भाजपा को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने भाजपा के दावों को झूठा करार दिया है। दरअसल, प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ कस्बे के एक व्यापारी के अपहृत नाबालिग बेटे का शव पुलिस ने चित्रकूट जिले के बरगढ़ थानाक्षेत्र के अरवारी के जंगल से रविवार सुबह बरामद किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर उठाया सवाल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर ये लिखा है कि 'इलाहाबाद में एक व्यापारी के बेटे के अपहरण और हत्या का समाचार बेहद दुखद है। नाम बदलने की बजाय भाजपा सरकार को अपराध के प्रति अपनी प्रश्रयकारी नीति बदलनी चाहिए। भाजपा के झूठे दावे किसी की ज़िंदगी नहीं लौटा सकते हैं।'

नाबालिग बेटे का शव चित्रकूट के जंगल से बरामद

पुलिस ने बताया कि घटना के शामिल दो अपराधियों को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान दोनों के पैर में गोली भी लगी है।

बरगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि बरगढ़ थानाक्षेत्र में अरवारी के जंगल से रविवार सुबह एक किशोर का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि किशोर के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि किशोर के सिर पर वजनदार पत्थर से वार किया गया था जिससे उसकी मौत हो गई। सिंह ने बताया कि किशोर की पहचान शंकरगढ़ कस्बे के व्यापारी पुष्पराज केसरवानी उर्फ विक्की के बेटे शुभ केसरवानी (13) के रूप में की गई है।

पुष्पराज के पास आया अज्ञात बदमाशों का फोन

एसएचओ ने प्रयागराज के बारा क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सन्तोष सिंह के हवाले से बताया कि किशोर शुभ केसरवानी शनिवार शाम चार बजे तक दुकान में था, इसके बाद वह रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। सिंह ने शंकरगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे अज्ञात बदमाशों का फोन पुष्पराज के फोन पर आया और बेटे की रिहाई के बदले 15 लाख रुपये की मांग की गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर प्रयागराज के यमुना नगर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अभिनव त्यागी, बारा क्षेत्र एसीपी सन्तोष सिंह के अलावा कई पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस किशोर के शव को पुलिस कब्जे में लेकर जांच शुरू करेगी।

पुलिस ने बताया, अस्पताल में भर्ती हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान दो आरोपियों चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना इलाके के सरेहरा निवासी सुखदेव और मध्य प्रदेश के रीवा जिले के संजय उर्फ रत्नेश वर्मा के नाम सामने आए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों को आज सुबह बरगड़ी रोड नर्सरी के सामने घेर लिया तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों के पैर में गोली लग गईं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं। पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article