शहर

'माला रखो, नंदी की अर्थी सजाने के काम आएगी...', मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के परिवार को फिर मिली धमकी; मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' के परिवार को एक बार फिर निशाना बनाया गया है। इस बार मंत्री की पत्नी और प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी को फेसबुक पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Image

पत्नी के फेसबुक पर कमेंट करके दी धमकी (X/ @NandiGuptaBJP)

Photo : Twitter

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी और प्रयागराज की दो बार मेयर रह चुकीं अभिलाषा गुप्ता नंदी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। एक अज्ञात फेसबुक यूजर ने उनके पोस्ट पर बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली टिप्पणी की है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

फेसबुक कमेंट से दी खौफनाक धमकी

जानकारी के मुताबिक, अभिलाषा गुप्ता नंदी की सार्वजनिक और सामाजिक गतिविधियों को उनके फेसबुक पेज के जरिए जनमानस तक पहुंचाया जाता है। पिछले दो दिनों से 'शैलेश श्रीवास्तव' नाम की एक फेसबुक आईडी से उनकी पोस्ट पर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने एक कमेंट में लिखा "पुष्पमाला संभाल कर रखना, नंदी की अर्थी सजाने हेतु शीघ्र ही काम आएगा।"

कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज

धमकी मिलने के बाद पूर्व महापौर की सोशल मीडिया प्रभारी पूनम अग्रवाल ने प्रयागराज के कोतवाली थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी (फेसबुक आईडी होल्डर) के खिलाफ आईपीसी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने पुष्टि की है कि पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं।

पुराने हमले की यादों ने बढ़ाई चिंता

तहरीर में इस बात का भी विशेष उल्लेख किया गया है कि 12 जुलाई 2010 को मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर आरडीएक्स (RDX) रिमोट बम से जानलेवा हमला हो चुका है। उस हमले में मंत्री गंभीर रूप से घायल हुए थे। ऐसे में इस तरह की धमकियों को पुलिस और प्रशासन बेहद गंभीरता से ले रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस शैलेश श्रीवास्तव नाम की आईडी से कमेंट किया गया है, वह फिलहाल लॉक है। प्रोफाइल में पता पुणे (महाराष्ट्र) और इलाहाबाद दिखा रहा है। पुलिस अब फेसबुक से डेटा मांगकर आरोपी की सही लोकेशन और पहचान उजागर करने की कोशिश कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article