Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में प्रयागराज कमिश्नरेट की फाफामऊ और एयरपोर्ट थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए माफिया अतीक अहमद के करीबी रहे और खुद को उसका विरोधी बताकर लंबे समय से अवैध जमीनों का कारोबार करने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद अशरफ सिद्दीकी उर्फ अशरफ हरवारा को गिरफ्तार कर लिया है। अशरफ हरवारा लंबे समय से सरकारी कुर्कशुदा संपत्तियों और शत्रु संपत्ति के जाली दस्तावेज तैयार कर उन पर अवैध कब्जा करने के मामलों में वांछित चल रहा था।
अतीक का विरोधी बनकर गुमराह करता था अशरफ
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अशरफ हरवारा ने शातिर तरीके से खुद को माफिया अतीक अहमद का विरोधी साबित कर रखा था। इस मुखौटे के पीछे वह पिछले कई सालों से प्रयागराज में अवैध जमीनों की खरीद-फरोख्त और कब्जे का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। अतीक अहमद के पुराने मुकदमों में भी अशरफ का नाम आ चुका है। उस पर सफेदपोश नेताओं और राजनीतिक संरक्षण के जरिए अपनी गतिविधियां चलाने के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। कुछ समय पहले एयरपोर्ट थाना पुलिस ने उसे हिरासत में भी लिया था, लेकिन कथित तौर पर सत्ताधारी दल से जुड़े एक रसूखदार नेता के दबाव के चलते तब वह बच निकला था।
कुर्कशुदा और शत्रु संपत्ति पर कब्जे का है मामला
सरकारी कुर्क शुदा जमीनों और शत्रु संपत्तियों पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध कब्जा करने के मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर वर्तमान में SIT की जांच भी चल रही है। इसी सिलसिले में एयरपोर्ट थाने में अशरफ हरवारा के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए फाफामऊ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छोटक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के मोहिनी चौराहे से रहिमाबाद जाने वाले मार्ग से धर दबोचा। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल दीपक खरवार और महिला कांस्टेबल सोनकर भी शामिल थीं।
अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर अशरफ हरवारा के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस भू-माफिया सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और उसकी अवैध संपत्तियों की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि साम्राज्य के अन्य काले चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
