शहर

शिकायत पर कार्रवाई करने गई ग्वालियर पुलिस को मिला 'अवैध हथियारों' का बड़ा जखीरा

ग्वालियर में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों को गुंडई करना भारी पड़ गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस को पड़ोसी के पुश्तैनी मकान से अवैध हथियारों का जखीरा मिला है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

ग्वालियर में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों को गुंडई करना भारी पड़ गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस को पड़ोसी के पुश्तैनी मकान से अवैध हथियारों का जखीरा मिला है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक महिला एवं एक पुरुष शामिल होना बताए गए हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपी अभी भी फरार बने हुए हैं। नामजद पांच आरोपियों में से चार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है।

दरअसल सिरोल थाना अंतर्गत मॉडल टाउन सोसायटी में मंगलवार शाम अनु शर्मा का पड़ोसी बंटी यादव से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में बंटी, उसके बेटों और भाई ने लाठी -डंडों और पिस्टल से लैस होकर अनु शर्मा की थार गाड़ी पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं विवाद के दौरान अनु के घर आए मेहमानों को भी पड़ोसी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। बाद में हमलावर मौके से भाग निकले। घटना में अनु के तीन मेहमान घायल हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

थाने पहुंचकर अनु ने पुलिस को आपबीती सुनाई

पति की असमय मौत के बाद पीड़िता अनु शर्मा मॉडल टाउन सोसायटी में अपनी दो बेटियों के साथ रहती है। घटना के बाद थाने पहुंचकर अनु ने पुलिस को आपबीती सुनाई। साथ ही बंटी और उसके परिजन को आपराधिक प्रवृति का बताया। अनु शर्मा की फरियाद पर पुलिस ने बंटी, उसके दो बेटों और एक भाई व एक बहिन को नामजद कर लिया।

घर में रखे अवैध हथियारों का जखीरा देखकर उसकी आंखें फटी रह गईं

अनु ने पड़ोसियों के हमले के कुछ वीडियो भी बनाए थे। जिनके साथ एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के घर दविश दी। लेकिन कोई आरोपी घर पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस बंटी के पुश्तैनी मकान हुरावली में दविश दी तो घर में रखे अवैध हथियारों का जखीरा देखकर उसकी आंखें फटी रह गईं। पुलिस को बंटी के पुश्तैनी मकान पर उसका भाई मनीष यादव और बहिन सपना यादव मिले।

बरामद मशरुका की कीमत तकरीबन 3 लाख 80 हजार रुपए

पुलिस ने जब अवैध हथियारों के बारे में उनसे पूछा, तो उन्होंने बताया कि डराने धमकाने के लिए बंटी पुश्तैनी मकान में अवैध हथियार रखता है। इसके बाद पुलिस ने मनीष और सपना को हिरासत में ले लिया और मौके से 3 रायफल, 2 पिस्टल, 1 देसी कट्टा, लगभग 100 जिंदा राउंड व 9 मैग्जीन बरामद कीं। बरामद मशरुका की कीमत तकरीबन 3 लाख 80 हजार रुपए आंकी जा रही है। फिलहाल इस मामले के मुख्य आरोपी बंटी यादव और उसके दो बेटे, दम्मो और अंशुल यादव फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दविश दे रही है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article