Pimpri Chinchwad Bulldozer Action: पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। नगर निगम ने देर रात कार्रवाई करते हुए 11 अवैध ढ़ाचों को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान कार्रवाई का विरोध कर रही भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया। जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, पिंपरी-चिंचवाड़ महानगरपालिका (PCMC) ने सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात चिखली, कुदलवाड़ी और पवार बस्ती में अवैध रूप से बनाए गए ढांचों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल 11 अवैध ढांचों को जेसीबी मशीनों और हथौड़ों की मदद से जमींदोज कर दिया गया।
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव
अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और निगम की टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पथराव के कारण दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों में से लगभग 10 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शेष घायल पुलिसकर्मियों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।
सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद इलाके में तैनाव बढ़ गया। जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और स्थिति को काबू में लाया गया। पुलिस ने चिखली थाने में 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जिसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
