शहर

महाराष्ट्र में लंगर, इफ्तारी, भंडारा, महाप्रसाद... सबके लिए अब लेनी होगी इजाजत, FDA का सख्त आदेश

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सालभर मनाए जाने वाले त्योहारों, उत्सवों, यात्राओं और धार्मिक आयोजनों के लिए एक स्थायी और व्यापक खाद्य सुरक्षा कार्ययोजना लागू करने का निर्णय लिया है।

Image

प्रतीकात्मक AI Image

महाराष्ट्र सरकार ने त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और सामूहिक भोजन के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य में महाप्रसाद, इफ्तारी, लंगर और भंडारे जैसे सामूहिक भोजन आयोजनों के संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पूर्व सूचना देनी होगी और निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सालभर मनाए जाने वाले त्योहारों, उत्सवों, यात्राओं और धार्मिक आयोजनों के लिए एक स्थायी और व्यापक खाद्य सुरक्षा कार्ययोजना लागू करने का निर्णय लिया है।

FDA के अनुसार, महाप्रसाद, इफ्तारी, लंगर और भंडारे जैसे स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों को भोजन परोसा जाता है। ऐसे आयोजनों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों को संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पहले से जानकारी देनी होगी। प्रेस नोट में आयोजकों को कार्यक्रम से कम से कम सात दिन पहले संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की व्यवस्था का उल्लेख किया गया है।

FDA ने त्योहारों को तीन स्तरों में बांटा है

नई व्यवस्था के तहत अब हर त्योहार के लिए अलग-अलग आदेश जारी करने के बजाय पूरे वर्ष लागू रहने वाली प्रणाली के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। FDA ने त्योहारों को तीन स्तरों में बांटा है। गणेशोत्सव, नवरात्रि, दिवाली, ईद-उल-फितर, ईद-उल-अजहा और क्रिसमस जैसे बड़े त्योहारों पर राज्यव्यापी स्तर पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। क्षेत्रीय और स्थानीय त्योहारों के लिए भी अलग स्तर पर निरीक्षण की व्यवस्था होगी।

संदिग्ध या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

त्योहारों के दौरान दूध और दुग्ध उत्पाद, मिठाइयां, खाद्य तेल, घी, मांस, मछली, फल और सब्जियों की विशेष जांच की जाएगी। खाद्य नमूनों की जांच, बाजारों का निरीक्षण और संदिग्ध या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Food Safety Connect का QR Code प्रदर्शित करने के निर्देश

FDA ने होटल, रेस्तरां और सामूहिक भोजन उपलब्ध कराने वाले अन्य स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस और पंजीकरण नियमों का पालन करने के साथ Food Safety Connect का QR Code प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नागरिक खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे

नागरिक खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। FDA का कहना है कि इस सालभर चलने वाली व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों तक सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचाना है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!