शहर

केजरीवाल के बरी होने में पवन खेड़ा को दिखी BJP की 'कांग्रेस मुक्त भारत' की राजनीति

दिल्ली शराब नीति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की बरी होने के बाद सियासी बयानबाजी काफी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे भाजपा की ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ राजनीति से जोड़ दिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी को भाजपा का सुविधाजनक सहयोगी बताते हुए कहा कि वे केजरीवाल को धोकर लाए हैं।

Image

केजरीवाल के बरी होने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का बयान

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की एक अदालत ने कथित शराब घोटाला मामले में बरी कर दिया है। अदालत ने उन्हें सुबूतों के आभाव में बरी कर दिया। इस पर पक्ष-विपक्ष की तरफ से हर तरह की टिप्पणियां आ रही हैं। कांग्रेस की तरफ से पवन खेड़ा ने इस मुद्दे को लेकर मोर्चा खोला। उन्होंने केजरीवाल के बरी होने को भाजपा के कांग्रेस मुक्त अभियान का हिस्सा बता दिया।

पवन खेड़ा ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने ही शराब घोटाले की शिकायत की थी। इस दौरान उन्होंने कहा, भाजपा की तरफ से कांग्रेस मुक्त भारत का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत केजरीवाल और सिसोदिया को रिहा किया गया है। उन्होंने कहा, अब आम आदमी पार्टी पंजाब, तमिलनाडु हर जगह चुनाव लड़ेगी। खेड़ा ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए केजरीवाल को धोकर लाई है।

केजरीवाल के रोने पर क्या बोले पवन खेड़ा?

यही नहीं पवन खेड़ा ने कहा, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की जगह अब इसका नाम नरेंद्र स्कूल ऑफ ड्रामा हो गया है। खेड़ा ने कहा कि ये सब उसी नरेंद्र स्कूल ऑफ ड्रामा के छात्र हैं। विपक्ष में कौन होगा, यह भी बीजेपी तय करना चाहती है।

भाजपा एक इच्छाधारी नाग

कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं है, बल्कि वह इच्छाधारी नाग है, जिसके पास रूप बदलने की शक्ति है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही जुनून है और वह कांग्रेस को हराकर कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहती है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है। उन्होंने कहा 12 साल तक भाजपा के लोग तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ जहर उलगते थे और अब? नरेंद्र मोदी स्वयं उनकी प्रशंसा कर रहे हैं, वो भी सम्मान के कारण नहीं, बल्कि कांग्रेस पर वार करने के लिए।

पवन खेड़ा ने कहा, चुनाव आ रहे हैं, इसलिए पटकथा भी एकदम अनुमानित है। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामलों में अचानक तेजी आएगी। पी चिदंबरम जी को फिर से सुर्खियों में घसीटा जा रहा है, क्योंकि तमिलनाडु में चुनाव होने वाले हैं।

AAP को बताया भाजपा का सुविधानजक सहयोगी

कांग्रेस नेता ने कहा आम आदमी पार्टी में सुविधाजनक सहयोगियों और अन्य लोगों के खिलाफ चल रही कार्यवाहियां गुजरात और पंजाब चुनावों के मुद्देनजर चुपचाप ठंडी पड़ जाएंगी। उन्होंने कहा, भाजपा का असली खेल ही यही है। प्रतिशोध को शासन बनाना और जांच एजेंसियों को चुनावी औजार की तरह इस्तेमाल करना।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!