शहर

कथित शराब घोटाला मामले में बरी होने के बाद रो पड़े केजरीवाल, बोले झूठे आरोप लगाए गए

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आज कोर्ट ने सुबूतों के आभाव में कथित शराब घोटाला मामले में बरी कर दिया। कोर्ट के फैसले के बाद मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल फफक-फफकर रो पड़े और कहा कि उन्हें झूठे आरोपों में फंसाया गया था।

कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है। सीबीआई ने केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को इस आरोप में शामिल बताया था। आज कोर्ट ने ठोस सबूतों के आभाव में उन्हें बरी कर दिया। कोर्ट से आरोपमुक्त होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आंखों से आंसू छलक पड़े।

मीडिया से बात करते-करते केजरीवाल अचानक रोने लगे। इस पर उनके बगल में ही खड़े मनीष सिसोदिया ने उन्हें गले लगा लिया। उन्होंने रोते हुए कहा, केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। उन्होंने कहा, मैंने अपनी जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है। इन्होंने झूठा केस लगाया और आज ये साबित हो गया, कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है, मनीष कट्टर ईमानदार है, आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज सत्य की जीत हुई है।

केजरीवाल ने इस दौरान जज का शुक्रिया किया, जिन्होंने न्याय किया। केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा सत्ता के लिए देश से और संविधान से खिलवाड़ मत कीजिए। उन्होंने कहा, मैं यह प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं, देश में और भी बहुत सी चीज हैं, महंगाई है, अन्य दिक्कतें हैं। उन समस्याओं का समाधान कीजिए और सत्ता में आइये।

केजरीवाल ने कहा,हमारे पांच बड़े नेताओं को जेल में रखा गया, हमारे उपमुख्यमंत्री और हमारे ऊपर कीचड़ फेंका गया। उन्होंने कहा, मोदी और शाह ने मिलकर देश का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा। आज सत्य की जीत हुई है और मैं हमेशा कहता था भगवान हमारे साथ है।

कोर्ट से बरी होने के बाद केजरीवाल मीडिया से बात करने पहुंचे। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलके और फिर उन्होंने स्वयं को संभालते हुए केंद्र सरकार पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी सत्ता का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा, आपको सत्ता मिली है तो उसका सदुपयोग करें, देश की जनता के लिए काम करें। देश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, उन्हें ठीक करें।

बता दें कि राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कई बार सीबीआई की जांच पर नाराजगी भी जाहिर की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सीबीआई की चार्जशीट पर कई तरह के प्रश्न उठाए। जज ने यहां तक कह दिया कि सीबीआई ने जो दस्तावेज दिए जो चार्जशीट से मेल नहीं खाते हों। जज ने नाराजगी जताई कि अभी तक मुझे कन्फेशनल स्टेटमेंट की कॉपी तक नहीं दी गई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article