Patna Ka Mausam (पटना में आज का मौसम कैसा रहेगा) 7-January-2026: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब बिहार की राजधानी पटना पर दिखने लगा है। ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और रात में तापमान तेजी से गिर रहा है। राजधानी में दिन की शुरुआत ही कड़ाके की ठंड के साथ हो रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
कोहरे की चादर, विजिबिलिटी बेहद कम
बीते 24 घंटों में पटना समेत आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में सुबह के वक्त दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क यातायात पर असर पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 जनवरी से कुहासा और घना होगा, जिससे सुबह-शाम परेशानी बढ़ सकती है।
तापमान में लगातार गिरावट
राजधानी पटना में सुबह तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि आसपास के जिलों में पारा इससे भी नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और तेज होगी।
23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कोल्ड-डे की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने पटना समेत राज्य के 23 जिलों में कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठंड के साथ दिन के तापमान में भी असामान्य गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे दिन में भी सर्दी का एहसास बना हुआ है। तेज ठंड को देखते हुए बेगूसराय और भोजपुर जिलों में 8 जनवरी तक स्कूलों को बंद कर दिया गया है। पटना में भी लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। सुबह-शाम घर से निकलना मुश्किल होता जा रहा है।
ठंड के साथ प्रदूषण की दोहरी मार
ठंड के साथ-साथ राजधानी पटना में वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह के समय AQI 228 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। कम तापमान और हवा की रफ्तार धीमी होने से प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे सांस संबंधी दिक्कतों का खतरा बढ़ गया है।
