Patna News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चा में रहने वाले तेजप्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पटना में देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब तेजप्रताप यादव अचानक सचिवालय थाने पहुंच गए। उन्होंने अपनी जान को गंभीर खतरा बताते हुए पुलिस को एक लिखित आवेदन सौंपा है। थाने से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में तेजप्रताप यादव ने सनसनीखेज दावा किया कि उन्हें आकाश यादव नाम के व्यक्ति के जरिए जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
तेज प्रताप ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद घर में घुसने की कोशिश
तेजप्रताप यादव ने लिखित शिकायत में कई लोगों के नाम शामिल किए हैं। पूरा मामला बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को जानबूझकर खराब करने की गहरी साजिश रची जा रही है। उन्होंने एक खौफनाक वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद चार अज्ञात लोग जबरन उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। जब घर के सुरक्षाकर्मियों और लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो वे सब वहां से भाग निकले। बकौल तेजप्रताप ये लोग किसी सामान्य इरादे से नहीं, बल्कि उनकी हत्या करने की नीयत से उनके आवास गए थे।
परिवार को प्रताड़ित करने की साजिश
तेजप्रताप यादव ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने परिवार के खिलाफ एक बड़ी राजनीतिक और मानसिक साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव इन दिनों काफी बीमार चल रहे हैं। ऐसे में यह पूरा घटनाक्रम उन्हें मानसिक रूप से आहत करने और पूरे यादव परिवार को डराने-धमकाने के लिए जानबूझकर प्रायोजित किया जा रहा है।
सीएम सम्राट चौधरी से मिलेंगे तेजप्रताप
पूर्व मंत्री ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए और कहा कि फिलहाल उनके पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जिससे उन पर खतरा और ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने तत्काल अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है और बताया कि इस गंभीर विषय को लेकर उन्होंने अदालत में भी एक आवेदन दाखिल किया है। तेजप्रताप यादव ने आगे कहा कि अगर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई और आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस मामले को लेकर बिहार के DGP और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।
