Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। जहां दस रुपये के फटे नोट के कारण दुकानदार ने ग्राहक की हत्या कर दी गई। दुकानदार ने दस रुपये के फटे नोट को लेने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ और ग्राहक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने दुकान पर जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही दुकानदार के घर पर जाकर भी हंगामा किया।
नाश्ते की दुकान पर हुई वारदात
यह वारदात मधुबनी के फुलपरास थाना क्षेत्र के मुरली चौक स्थित यात्री शेड में नाश्ता की दुकान पर हुई। मृतक की पहचान फुलकारी गांव निवासी अजय राय के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के तौर पर हुई है। गुरुवार देर शाम को राहुल कुमार हरिनारायण साह की नाश्ता दुकान पर आया। उसने नाश्ता करने के बाद दुकानदार को पैसा दिया। जिसमें दस रुपये का नोट फटा हुआ था। जिसे लेने से दुकानदार ने इनकार कर दिया। जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
अपने साथियों के साथ वापस आया ग्राहक
राहुल कुछ देर बाद अपने कुछ साथियों के साथ दुकान पर आया और दुकानदार हरिनारायण के साथ गाली-गलौज करने लगा। जिस पर दुकान में मौजूद उनके पौत्र और घुरण साह के पुत्र ने उसपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गर्दन के नीचे दाहिने बगल में हमला हुआ था और सिर पर भी चोट लगी थी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा
राहुल की मौत से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा और उन्होंने हरिनारायण की दुकान पर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है। साथ ही मुख्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लड़का नाबालिग है। पुलिस ने कहा कि मृतक राहुल के परिजन का लिखित बयान आने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
