SIR बीजेपी का सिरफिरा फैसला, निर्वाचन आयोग BJP का 'जुगाड़ आयोग'; वोटर अधिकार यात्रा में अखिलेश ने साधा निशाना

Voter Adhikar Yatra: अखिलेश यादव ने वोटर अधिकार यात्रा में नारा दिया कि 'अबकी बार, भाजपा बिहार से बाहर'। उन्होंने दावा किया, 'भाजपा 'इस्तेमाल पार्टी' है, यह लोगों का इस्तेमाल करती है। यह इस्तेमाल करेगी, फिर उसके बाद लोगों को बर्बाद कर देगी। भारतीय जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग को "जुगाड़ आयोग" बना दिया है।

पटना : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को राहुल गांधी के साथ 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल हुए और बिहार की जनता का आह्वान किया कि वह 'मगध' में भी उसी तरह भारतीय जनता पार्टी को हराए, जैसे पिछले लोकसभा चुनाव में लोगों ने उसे 'अवध' में हराया था। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग को "जुगाड़ आयोग" बना दिया है। उन्होंने 'वोटर अधिकार यात्रा' के तहत आरा (भोजपुर) में आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि हम लोगों ने मिलकर अवध में हराया था, इस बार मगध में भारतीय जनता पार्टी को हराने की जिम्मेदारी आपकी है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सारण से इस यात्रा का हिस्सा बने।

Akhilesh Yadav in Voter Adhikar Yatra

बिहार वोटर अधिकार यात्रा में अखिलेश यादव, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव (फोटो-@yadavakhilesh)

बिहार वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए ये नेता

राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी और महागठबंधन के कुछ अन्य नेता एक खुली जीप पर सवार थे और जगह- जगह उत्साही भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया। अखिलेश यादव से पहले द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस यात्रा में शामिल हो चुके हैं। यादव ने कहा कि बिहार का महत्वपूर्ण चुनाव है, जिस पर पूरे देश की निगाहें हैं। जनता का उत्साह बता रहा है कि बिहार के लोग भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने जा रहे हैं।

End of Feed