बिहार के सहरसा जिले में भाजपा के राहत वाहन को बाढ़ पीड़ितों ने लूट लिया। दरअसल आज माननीय मंत्रियों का सहरसा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे और बाढ़ राहत शिविर का कार्यक्रम था। जिसके लिए पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार बबलू द्वारा राहत किट बनवाया गया था। आज बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत किट का वितरण किया जाना था। शनिवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने महिषी प्रखण्ड के गंडोल चौक के पास बहरामपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इसके बाद वे जैसे ही अन्य क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। तुरंत ही बाढ़ पीड़ितों के हुजूम ने बाढ़ राहत कीट लोडेड वाहन को लूट लिया।
बाढ़ पीड़ितों ने राहत वाहन को लूटा
लूट की घटना का वीडियो
इस घटना के वीडियो में आप देख सकते हैं बाढ़ पीड़ितों का हुजूम किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर बीजेपी के बाढ़ राहत वाहन को लूट रहा है। जिसमें बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि भीड़ में शामिल लोग भूखे थे। जिन्होंने राहत सामग्री से भरी गाड़ी को देखकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया। हालांकि इस राहत लूट के दौरान कई लोग चोटिल भी हुए हैं।
बाढ़ के कारण क्षेत्र के हालात काफी खराब
बीजेपी जिला उपाध्यक्ष रितेश रंजन ने कहा कि बाढ़ के कारण इस क्षेत्र के हालात खराब है। उन्होंने कहा कि हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि सरकार से मिलने वाली मदद के साथ ही पार्टी द्वारा अलग से भी राहत वितरण किया जाए। इसी क्रम में आज बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत किट वितरित किया जाना था। लेकिन इससे पहले ही राहत किट को भीड़ ने लूट लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना पर संतोष की बात ये है कि आखिरकार लूटे गये राहत किट बाढ़ पीड़ितों के बीच ही पहुंचा है। आगे से वितरण कार्य को व्यवस्थित ढ़ंग से करने का प्रयास किया जाएगा।
