पटना

पटना से धनबाद, वंदे भारत ट्रेन से होगा सुहाना सफर; जानें पूरी डिटेल

बिहार की राजधानी पटना और झारखंड के दूसरे सबसे बड़े शहर धनबाद के बीच सीधी वंदे भारत सेवा नहीं है। लेकिन जल्द ही दोनों शहर वंदे भारत के जरिए जुड़ने जा रहे हैं। इस पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, दोनों शहरों के बीच सीधी वंदे भारत ट्रेन चलाने की फिलहाल योजना नहीं है।

Image

पटना से धनबाद, वंदे भारत से होगा सफर

Photo : ANI

इस बात पर शायद ही किसी को कोई संदेह हो कि वंदे भारत मौजूदा दौर में भारत की सबसे अच्छी ट्रेन है। वंदे भारत एक्सप्रेस ने भारतीय रेलवे की छवि बदलकर रख दी है। इस ट्रेन की साफ-सफाई से लेकर स्वादिष्ट भोजन की अक्सर बात होती है। इसके अलावा यह ट्रेन अपनी पंक्च्वेलिटी यानी समय पर पहुंचने के लिए भी जानी जाती है। यही कारण है कि तमाम राज्य अपने शहरों में वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग करते हैं। ताजा जानकारी पटना और धनबाद के बीच वंदे भारत ट्रेन की है।

जी हां जल्द ही वंदे भारत बिहार की राजधानी पटना और झारखंड के प्रमुख शहर धनबाद के बीच भी चलेगी। इससे दोनों शहरों के बीच आवाजाही आसान हो जाएगी। जल्द ही पटना और धनबाद के बीच यात्रियों का सफर आराम से कटेगा। वंदे भारत में बैठकर यात्री दोपहर में पटना से चलकर शाम तक धनबाद पहुंच जाएंगे। वंदे भारत से इन दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।

हालांकि, दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबक पटना और धनबाद के बीच कोई नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाए जाने की योजना नहीं है। बल्कि पटना-टाटा और गया-हावड़ा वंदे भारत ट्रेनों के शेड्यूल, रूट व हॉल्ट में कुछ बदलाव की बात कही जा रही है। इन वंदे भारत ट्रेनों में किया गया छोटा सा बदलाव पटना और धनबाद के बीच लिंक बना देगा।

बता दें कि पटना-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस अभी गोमोह में रुकती है। एक बार जब गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस भी गोमोह में रुकना शुरू हो जाएगी, तो यात्रियों की पटना से धनबाद का सफर आसान हो जाएगा। इसके लिए तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं।

धनबाद रेलवे डिवीजन ने हेडक्वार्टर के अप्रूवल के लिए प्रपोजल भेजा है। DRM कमल किशोर सिन्हा का कहना है कि पटना और धनबाद के बीच वंदे भारत कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए कोशिशें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी।

पटना-धनबाद वंदे भारत ट्रेन अपडेट

  • ट्रेन नंबर 20894 पटना-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस हफ्ते में चार दिन चलती है। यह ट्रेन पटना से दोपहर 2.05 बजे चलकर शाम 5.54 बजे गोमोह पहुंचती है।
  • ट्रेन नंबर 22304 गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस साम 5.29 बजे गोमोह से गुजरती है।
  • गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस गोमोह स्टेशन पर रुकना शुरू हो जाएगी तो पटना से आने वाले यात्री गोमोह स्टेशन से इस वंदे भारत एक्सप्रेस को पकड़क धनबाद तक जा पाएंगे।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article