Tejashwi Yadav News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक विधायक के बयान को लेकर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार की आलोचना की, जिसमें उन्होंने मुसलमानों से होली के दौरान 'घर के अंदर रहने' के लिए कहा था।
भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा, 'मैं मुसलमानों से अपील करना चाहता हूं कि साल में 52 जुम्मा (शुक्रवार) होते हैं। इस सप्ताह एक जुम्मा होली के साथ ही है। इसलिए, उन्हें हिंदुओं को त्योहार मनाने देना चाहिए और अगर उन पर रंग लगाया जाता है तो उन्हें बुरा नहीं मानना चाहिए। अगर उन्हें ऐसी कोई समस्या है, तो उन्हें घर के अंदर रहना चाहिए। सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए यह जरूरी है।'
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए यादव ने कहा, 'उन्हें किसी बात की परवाह नहीं है। सब कोई जाए भाड़ में, आपन कुर्सी के जुगाड़ में।'
'मैं कहना चाहता हूं कि जिस तरह से भाजपा के विधायक ने कहा कि होली पर मुसलमानों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए...वे ऐसा कैसे कह सकते हैं? मुख्यमंत्री कहां हैं? वे बेहोशी की हालत में हैं। जब महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती हैं, तो वे उन्हें डांटते हैं। क्या उनमें विधायक को डांटने की हिम्मत है?' एएनआई ने राजद नेता के हवाले से कहा।
'जदयू पर भाजपा-संघ का प्रभाव: तेजस्वी
तेजस्वी ने कहा- 'जदयू पर भाजपा और संघ का बहुत प्रभाव है; शुद्ध संघ और भाजपा के रंग में जदयू आ चुका है। यह देश गंगा-जमुनी तहजीब को मानता है। देश राम और रहीम को मानता है। यह बिहार है। यहां एक मुस्लिम भाई की रक्षा पांच हिंदू करेंगे। जब तक हमारी पार्टी और लालू यादव की विचारधारा के अनुयायी मौजूद हैं, हम उन्हें अपना एजेंडा पूरा नहीं करने देंगे।'
