छोटी दूरी के लिए सबसे अच्छी और तेज मान जाने वाली वंदे भारत को पसंद करने वालों की कोई कमी नहीं है। देश के तमाम शहर अपने यहां वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए रेलवे के पास आते हैं। लेकिन बिहार के गया में इसी वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल के दौरान एक युवक ने उस पर पत्थर फेंक दिया। इस घटना में वंदे भारत ट्रेन के एक कोच में लगी खिड़की का कांच टूट गया।
गया में वंदे भारत पर फेंका गया पत्थर
हुआ ये कि धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले गया के बंधुआ-टनकुपा स्टेशन के बीच किसी युवक ने ट्रेन की तरफ पत्थर फेंक दिया। यह ट्रेन टाटा से गया होते हुए जा रही थी। ट्रायल रन के दौरान हुई इस घटना में ट्रेन का कांच टूट गया। पुलिस पत्थर फेंकने वाले युवक की तलाश कर रही है।
वंदे भारत ट्रेन का शीशा टूटा
छोटी दूरी के लिए चलाई जा रही वंदे भारत ट्रेन भारत की सेमी-हाइस्पीड ट्रेन है। यह ट्रेन खूबसूरत भी है और इसकी सुविधाएं भी अन्य ट्रेनों से बेहतर हैं। लेकिन कई राज्यों में वंदे भारत पर पहले भी पथराव की खबरें आ चुकी हैं।
वंदे भारत ट्रेनों की सफलता को देखते हुए सरकार ने छोटी दूरी के शहरों के बीच ईएमयू की जगह वंदे भारत मेट्रो और लंबी दूरी के लिए वंदे स्लीपर ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। हाल ही में वंदे स्लीपर के कोच से पर्दा हटा है और पहली ट्रेन कोच फैक्टरी से बाहर निकली है। जल्द ही वंदे स्लीपर के शानदार सफर का आनंद आप ले पाएंगे।
