पटना

Bihar News: 'मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु निर्माण' योजना को मिली मंजूरी, अब बिहार में बनेंगे छोटे-छोटे एक हजार पुल

Bihar News: मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान ग्रामीण इलाकों में एक हजार करीब छोटे-छोटे पुल बनाने की योजना को मंजूरी दे दी गई है। पुरानी सड़कों के मरम्मत के कार्य को भी ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु निर्माण योजना’ में शामिल किया गया है।

Image

Bihar News: 'मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु निर्माण' योजना को मिली मंजूरी, अब बिहार में बनेंगे छोटे-छोटे एक हजार पुल

KEY HIGHLIGHTS
  • ग्रामीण इलाकों में बनेंगे एक हजार पुल
  • मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु निर्माण योजना को मिली मंजूरी
  • ग्रामीण इलाकों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने का उद्देश्य होगा पूरा

Bihar News: मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु निर्माण योजना’ (एमजीएसएनवाई) शुरू करने की मंजूरी दे दी गई है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों छोटे-छोटे पुलों का निर्माण किया जाएगा। ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिल सकें और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में परेशानी न हो। बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बनी पुरानी सड़कों की मरम्मत कार्य को भी इस योजना में शामिल किया गया है। कैबिनेट सचिवालय के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) एस सिद्धार्थ ने बताया कि इसके अलावा पटना में शॉपिंग मॉल के साथ तीन पांच सितारा होटलों के निर्माण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताएं -

ग्रामीण क्षेत्रों में बनेंगे हजारों छोटे-छोटे पुल

कैबिनेट की बैठक के बाद कैबिनेट सचिवालय के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) एस सिद्धार्थ ने संवाददाताओं से कहा, "कैबिनेट ने बेहतर सड़क संपर्क के लिए ग्रामीण इलाकों में छोटे पुलों के निर्माण के लिए ‘एमजीएसएनवाई’ शुरू करने को अपनी मंजूरी दे दी। इस योजना के तहत राज्य के ग्रामीण इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर नए छोटे पुलों का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) 100 मीटर लंबाई तक के छोटे पुलों का निर्माण करेगा और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड 100 मीटर से अधिक लंबाई वाले पुलों का निर्माण करेगा। इसका निर्माण प्राथमिकता के आधार पर और चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।"

आरडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि विभाग एमजीएसएनवाई योजना के तहत एक हजार नए छोटे पुलों का निर्माण करने की तैयारी कर रहा है, जिसे मंगलवार को कैबिनेट ने मंजूरी दी। एसीएस एस सिद्धार्थ ने कहा, "मंत्रिमंडल ने राज्य के सभी ग्रामीण बस्तियों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना में संशोधन को भी मंजूरी दी। नयी सड़कों के निर्माण के अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में जिन सड़कों की तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है, वे भी इस योजना का हिस्सा होंगी।"

होटल और शॉपिंग मॉल के निर्माण को भी मिली मंजूरी

एसीएस एस सिद्धार्थ ने बताया कि कैबिनेट ने सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड में पटना के अशोक पाटलिपुत्र होटल, सुल्तान पैलेस और बांकीपुर बस स्टैंड परिसर की जमीन पर शॉपिंग मॉल के साथ तीन पांच सितारा होटलों के निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। एसीएस ने कहा, "पहले केवल तीन फाइव स्टार होटलों के निर्माण को मंजूरी दी गई थी... अब शॉपिंग मॉल के साथ फाइव स्टार होटल होंगे। इन होटलों में कमरों की संख्या बढ़ाने की भी अनुमति दी गई है।" उन्होंने आगे कहा कि अशोक पाटलिपुत्र होटल में 100 कमरे होंगे, जबकि सुल्तान पैलेस और बांकीपुर बस स्टैंड परिसर में 150-150 कमरे होंगे।

एसीएस ने बताया कि "मंगलवार को कैबिनेट ने पर्यटन विभाग की बिहार पर्यटन और बाजार नीति-2024 को भी मंजूरी दे दी। नीति में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम और विभिन्न आकर्षक प्रोत्साहनों और सब्सिडी का लाभ उठाकर निजी क्षेत्र और स्थानीय उद्यमियों की सुविधा के जरिए विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं और पर्यटन से संबंधित सेवाओं को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।"

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!