Patna News: पटना सिटी के दीदारगंज थाना के सोनवा गांव में होली के दिन पथराव और गोलीबारी की घटना हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि दो गुटों के बीच पहले पत्थरबाजी होती है। इसके बाद गोलीबारी तक बात पहुंच जाती है।
सांकेतिक फोटो।
घटना में दो लोग घायल
जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो लोगों को गोली लगी थी, जो पटना के अस्पताल में भर्ती हैं। इधर, इस घटना के बाद गांव में पुलिस की तैनाती की गई है और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। साथ ही किसी बड़ी आशंका को देखते हुए पुलिस मार्च भी कर रही है।
बच्चों के बीच हुई थी लड़ाई
बताया जा रहा है कि इस विवाद की शुरुआत बच्चों की लड़ाई से शुरू हुई और फिर बढ़कर दो गुटों तक पहुंच गई। यह घटना होली के दिन की बताई जा रही है। बताया गया कि बच्चों के बीच मामूली लड़ाई हुई, लेकिन बात आगे बढ़ गई और मनीष कुमार व सुबोध यादव के गुटों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया।
पहले तो दोनों गुटों की ओर से जमकर पथराव हुआ, लेकिन बात यहां नहीं रुकी। देखते ही देखते बंदूक निकल गई और फिर गोलीबारी होने लगी। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कैसे गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है।
आठ लोग हुए गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, इस घटना में विजय यादव और सुबोध यादव घायल हो गए। इस मामले पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार के गुट के आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें खुद मनीष कुमार भी शामिल हैं। पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है। इधर, पुलिस ने उस राइफल को जब्त कर लिया है, जिससे गोलीबारी की गई थी।
