नमो भारत रैपिड ट्रेन जिसे वंदे मेट्रो भी कहा जाता है, 24 तारीख को उद्घाटन के बाद चलने को तैयार होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधुबनी में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। जानकारी के लिए बता दें कि ये ट्रेन अभी दिल्ली और मेरठ के रूट पर सफलतापूर्वक चल रही है।
ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इससे पटना से जयनगर के बीच सफर में लगने वाला समय सात घंटे से घटकर साढ़े पांच घंटे का हो जाएगा। इस ट्रेन का किराया भी आम ट्रेनों की तुलना में किफायती होगा।
बिहार की पहली रैपिड मेट्रो रैक दानापुर मंडल पहुंच चुकी है और इसके साथ रेलवे ने इसके ट्रायल की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों ने इसके लिए पूरा प्लान तैयार कर लिया है। दो दिनों के भीतर ही इसका ट्रायल कर लिया जाएगा।
वंदे मेट्रो ट्रेन में 12 से 16 कोच रहेंगे, जिसमें एक हजार से अधिक लोगों के बैठने की सुविधा होगी। वहीं भीड़ की स्थिति में यात्रियों को खड़े होकर सफर करने में असुविधा न हो, इसके लिए ग्रैब हैंडल भी लगाए गए हैं। करीब 2000 यात्री खड़े होकर इस ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे।
बिहार की पहली नमो भारत रैपिड ट्रेन में मेट्रो जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। किसी भी मेट्रो की तरह इसके दोनों तरफ दरवाजे होंगे जिसके खुलने की जानकारी स्क्रीन पर लिख कर आएगी। स्क्रीन पर अगले और वर्तमान स्टेशन की जानकारी और सूचनाएं भी लिखकर आएंगी। इसके अलावा इसमें CCTV कैमरे भी लगे होंगे।
आम सिटी मेट्रो से अलग इसमें जो सुविधा होगी वो ओवरहेड लगेज रैक की होगी। ग्लास के बने इन रैक पर रखा सामान बैठे-बैठे दिखाई देगा। इसके अलावा दरवाजों के बीच में सपोर्ट के लिए स्टील के हैंडल भी दिए गए हैं जिन्हें पकड़कर चढ़ने और उतरने में आसानी होगी।